कल शिमला में एचआरटीसी मुख्यालय को घेरेंगे अनुबंध कर्मचारी
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : अनुबंध कर्मचारी लंबे समय से न्यूनतम वेतन न मिलने के चलते नौ फरवरी को हिमाच
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : अनुबंध कर्मचारी लंबे समय से न्यूनतम वेतन न मिलने के चलते नौ फरवरी को हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला कार्यालय का घेराव करेंगे। इससे पहले आठ फरवरी को शिमला में ही बैठक होगी। हिमाचल परिवहन निगम में अनुबंध के आधार पर सेवारत हजारों कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन नहीं मिल रहा है। इस पर श्रम विभाग ने भी कड़ा संज्ञान लिया है। श्रम आयुक्त ने एचआरटीसी प्रबंधन व प्रदेश के सभी श्रम अधिकारियों को पत्र लिखकर 20 फरवरी तक जवाब मांगा है। एचआरटीसी में निगम में अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारी न्यूनतम से भी कम वेतन पर गुजारा कर रहे हैं। प्रदेश परिवहन मजदूर संघ ने 10 दिसंबर 2015 को एक मांग पत्र श्रम आयुक्त व निगम प्रबंधन को सौंपा था। इस पर कोई कार्रवाई न होने से खफा संघ ने मोर्चा खोल रखा है। निगम में अनुबंध के आधार पर तैनात चालक को 7200 रुपये, परिचालक को 4000 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है, जोकि न्यूनतम वेतन से बेहद कम है। निगम प्रबंधन द्वारा संघ से कोई वार्ता न करने की शिकायत पर श्रम आयुक्त ने पांच फरवरी को टाइम बाउंड पत्र लिखा है। इसके तहत निगम को न्यूनतम वेतन देना सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रदेश परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर ¨सह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश संचालन समिति की आपात बैठक आठ फरवरी को शिमला में बुलाई गई है, जिसमें आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन परिवहन कर्मचारियों से बड़ी बेरुखी के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहा है। श्रम आयुक्त ने मांग पत्र पर जो संज्ञान लिया है, उससे परिवहन कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद बंध गई है।