अब जुंबा से करें कैलोरी बर्न
डांस की दीवानों के लिए अब फिटनेस का नया फंडा है जुंबा एरोबिक्स। जी हां, इससे एक घंटे के आसान डांस स्टेप्स के जरिए 600 से 800 कैलोरी बर्न की जा सकती है। जानें इसके फायदे और नुकसान के बारे में...
अगर आपको शांत और बोझिल लाइफस्टाइल पसंद नहीं है तो आपको जुंबा बहुत अच्छा लगेगा। लैटिन म्यूजिक और सालसा, फ्लेमिंको, मरिंग, रेगेटन जैसे डांस में प्रेरित मूव्स पर थिरकने से आप खुद को रोक नहीं पाएंगे। जुंबा को आप घर पर म्यूजिक लगाकर भी आसानी से कर सकती हैं, लेकिन बेहतर यही होगा कि क्लासेज जॉएन
करके इसके बेसिक मूव्स सीख लें। जुंबा न सिर्फ वजन कम करने का एक अच्छा तरीका है, बल्कि यह मांसपेशियों को भी मजबूत बनाता है। यह एरोबिक्स कैटेगरी के एक्सरसाइज में भी शुमार होता है। इसे नियमित तौर पर करने से हार्ट डिसीज, ओबेसिटी, थायरॉयड आदि बीमारियों की आशंका कम हो जाती है। चूंकि इसे म्यूजिक के साथ किया जाता है, इसलिए इससे शरीर में ताजगी का अहसास तो होता ही है, हम स्ट्रेस फ्री भी हो जाते हैं। जानें, जुंबा के कुछ प्रमुख व्यायामों के बारे में।
मेरेन
मेरेन करते वक्त पैरों को थोड़ा ऊपर उठाते हुए शोल्डर और हिप्स को धुन पर घुमाया जाता है। इससे हिप्स, पैर और पेट की मांसपेशियों का व्यायाम होता है। मेरेन कर आप जल्दी फिट हो
जाएंगी।
सालसा
सालसा में वन और टू, थ्री और फोर की गिनती शामिल होती है, जैसे ही आपका दाहिना पैर वन पर आगे जाता है, बायां पैर अंदर उस जगह पर आ जाता है। दाहिना पैर टू पर अंदर चला जाता है। थ्री और फोर पर इसी प्रक्रिया को बाईं तरफ दोहराया जाता है। सालसा कार्डियो एक्सरसाइज की तरह ही है, यह शरीर के हर भाग का समुचित व्यायम कराता है।
कुंबिया
कुंबिया एक कोलंबियन लोक नृत्य है, यह आपकी सहनशक्ति बढ़ाता है। यह हिप हॉप और लैटिन का मिश्रण है। इससे कार्डियो वर्कआउट होता है।
शुरुआती टिप्स
-अगर आपको किसी भी प्रकार का कोई दर्द या सांस की बीमारी है तो जुंबा क्लासेज को शुरू करने से पहले एक बार अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
-जुंबा डांस को कम से कम 45 मिनट करना अनिवार्य है। अगर आप इससे कम देर करती हैं तो इसका मतलब है कि आपने सिर्फ वॉर्म अप ही किया है।
- जुंबा को ग्रुप में करने से आपको ज्यादा मजा आएगा।
एक नजर
- जुंबा सेशन से पहले और बाद में अच्छी तरह वॉर्म अप और कूल डाउन करें।
- शरीर की सहन क्षमता के अनुसार ही इसका लुत्फ उठाएं। अपने साथ वाले व्यक्ति की नकल करने या ज्यदा प्रैक्टिस करने की जरूरत नहीं है।
- मूव्स को अच्छी तरह समझ लें कि कब ट्विस्ट करना चहिए और कब टर्न लेना चाहिए।
- जब तक आप अनुभवी न हों जाएं, डीवीडी या वीडियो गेम्स के जरिए प्रैक्टिस न करें। किसी अच्छे ट्रेनर या इंस्ट्रक्टर की निगरनी में ही जुबां की प्रैक्टिस करें।
फायदे भी हैं बहुत
किसी अन्य डाांस शैली से ज्यादा जुंबा शरीर के लचीलेपन को बढ़ाता है। यह शरीर के अंदरूनी संतुलन, समन्वय और तालमेल को भी दुरुस्त रखता है। कैलोरी बर्न करने और प्रभावी कर्डियो वैस्कुलर वर्क आउट के अलावा यह शारीरिक संतुलन सुधारने का एक मजेदार जरिया है और साथ ही यह आपके ब्लड प्रेशर और दिल को भी दुरुस्त रखता है। 45 मिनट की जुंबा प्रैक्टिस प्रति मिनट लगभग 10 कैलोरी तक बर्न करती है। बच्चों के लिए जुंबा शारीरिक और मानसिक विकास के तौर पर काम करती है। इसके साथ ही यह उनमें परिपक्वता और टीम भावना को भी बढ़ाता है। शहरों के स्कूली बच्चे इन दिनों खेल के लिए शायद ही वक्त निकाल पाते हैं, ऐसे में यह डांस शैली बच्चे को मोटापे से निजात दिलाने में मदगार साबित हो सकती है।
एक्सपर्ट कॉर्नर
जुंबा एरोबिक्स करने से कितनी कैलोरी बर्न की जा सकती है?
जुंबा डांस करने से वजन जरूर घटता है, क्योंकि इसकी एक क्लास करने से आप लगभग 500 से 600 कैलोरीज बर्न कर सकती हैं। ध्यान रखें, इससे थकान महसूस हो सकती है।
जुंबा को एरोबिक्स से जोड़ा गया है? ये बात कितनी सही है।
जुंबा व्यायाम एरोबिक्स का मिश्रण है। इसलिए जुंबा को एरोबिक्स की कैटेगरी में ही रखा जाता है।
इसे करने से पहले बीदिंग एक्सरसाइज जरूर करें।
कब करें जुंबा एरोबिक्स?
मोटापा कम करने के अलावा जुंबा डांस एक फिटनेस प्रोग्राम है। जुंबा के मूवमेंट शरीर के हर पार्ट पर जोर देते हैं। जिससे वह हिस्सा टोंड होने लगता है। इसलिए जुंबा रोज करें ताकि आप स्लिम हो जाएं।
किस तरह के डांस फॉर्म से वजन जल्दी कमकिया जा सकता है?
यह बात सच है कि कई तरह के डांस वर्क आउट सही रिजल्ट नहीं देते, क्योंकि वे सामान्य होते हैं।
जिम की तरह आप सालसा डांस के सेशन को अपनी जरूरत के अनुसार नहीं कर सकती हैं।
डांस करने से पूरे शरीर का वजन कम होगा, जबकि जिम में केवल कमर, थाइज और हिप्स का ही वजन कम किया जा सकता है। आप मनचाहे तरीके से और जरूरत के अनुसार जुंबा डांस को ढाल सकती हैं, लेकिन इसके लिए किसी एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। जुंबा कई नृत्य शैलियों का संयोजन है जैसे सालसा, मैंबो, जिप्सी का रोमांस, चा चा चा, सांबा, बेली डांसिंग, भांगड़ा, हिप-हॉप, टैंगो आदि।
जुंबा इंस्ट्रक्ट्रर सन्नी तांता से बातचीत पर आधारित
READ: अगर होती है वर्कआउट करने में परेशानी तो अपनाएं ये टिप्स