विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: सर्दी और कोहरे में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, सड़कों पर लगेंगी सफेद-पीली पट्टियां और चमकेंगे ब्रेकर

Published: Sun, 15 Nov 2026 03:19 PM (IST)

सर्दी में हादसों को रोकने के लिए यमुनानगर में लोक निर्माण विभाग सड़कों पर सफेद-पीली पट्टियां और स्पीड ब्रेकरों पर पेंट कर रहा है।

हरियाणा: सर्दी और कोहरे में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम (File Photo)

हरियाणा: सर्दी और कोहरे में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम (File Photo)

HighLights

  1. सर्दी में हादसों की आशंका पर सड़क सुरक्षा कार्य तेज

  2. सड़कों पर सफेद-पीली पट्टियां, ब्रेकरों पर थर्मोप्लास्टिक पेंट

  3. धुंध में दृश्यता बढ़ाने, दुर्घटनाएं रोकने का प्रयास

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। सर्दी का मौसम शुरू होते ही सड़कों पर हादसों की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य तेज कर दिए हैं।

रात के समय वाहन चालकों को सड़क की सीमा, मोड़ और स्पीड ब्रेकर आसानी से दिखाई दें, इसके लिए सड़कों पर सफेद और पीली पट्टियां लगाई जा रही हैं। जिन स्थानों पर वाहनों की आवाजाही और मौसम के प्रभाव से ये पट्टियां मिट चुकी हैं, वहां नए सिरे से पेंट किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए थे।

दरअसल, सर्दी के मौसम में धुंध और कम दृश्यता के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को सड़क की सही स्थिति का अंदाजा लगाने में परेशानी होती है।

सड़क के किनारों पर सफेद और पीली पट्टियां न होने से वाहन चालक कई बार दिशा भटक जाते हैं। इससे दूसरे वाहनों से टकराने या सड़क से नीचे बरम की ओर उतरकर वाहन के अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में सड़क पर स्पष्ट निशान होना बेहद जरूरी है।

डिवाइडरों पर भी बदले जाने की जरूरत

शहर के विभिन्न मार्गों पर डिवाइडरों की स्थिति भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कहीं डिवाइडर टूटे हुए हैं तो कहीं उन पर लगी सफेद, लाल और पीली पट्टियां मिट चुकी हैं।

रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने पर ऐसे डिवाइडर दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। शहर के बीच से गुजरने वाले पुराना सहारनपुर रोड, सहारनपुर-कुरुक्षेत्र रोड और व्यासपुर रोड पर भी इस तरह के हालात बने हुए हैं।

व्यासपुर रोड पर गड्ढे भरने का काम शुरू

कपालमोचन मेले को लेकर भी सड़कों की मरम्मत का काम किया जा रहा है। मेले के दौरान व्यासपुर रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए इस मार्ग पर पैचवर्क शुरू कर दिया गया है।

सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है, ताकि मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य वाहन चालकों को परेशानी न हो। वहीं सहारनपुर-कुरुक्षेत्र रोड पर स्पीड ब्रेकरों पर थर्मोप्लास्टिक पेंट किया गया है।

इसका उद्देश्य रात के समय ब्रेकरों को दूर से ही स्पष्ट रूप से दिखाई देना है। अक्सर तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को ब्रेकर का पता देर से चलता है, जिससे वाहन उछलकर अनियंत्रित होने का खतरा रहता है। पेंट होने से वाहन चालक पहले ही गति कम कर सकेंगे और हादसों की आशंका को कम किया जा सकेगा।

लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन पुनीत मित्तल का कहना है कि ब्रेकरों पर थर्मोप्लास्टिक पेंट कराया जा रहा है। जहां सड़कों पर पैचवर्क का कार्य होना है। वह भी शुरू कर दिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।