विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर में भतीजी की शादी से पहले हादसे में चाचा की मौत, ब्रेक फेल होने से ऑटो खेतों में पलटा

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:25 PM (IST)

यमुनानगर में भतीजी की शादी से पहले एक चाचा की ऑटो दुर्घटना में मौत हो गई। ब्रेक फेल होने से ...और पढ़ें

यमुनानगर में खेत में पलटा टैंपो (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण आर्काइव)

यमुनानगर में खेत में पलटा टैंपो (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. यमुनानगर में भतीजी की शादी से पहले चाचा की मौत

  2. ऑटो का ब्रेक फेल होने से हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

  3. परिवार ने शादी पूरी होने तक शव मोर्चरी में रखा

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। घर में भतीजी की शादी की खुशियां थीं। सोमवार को बरात आनी थी और परिवार उसके स्वागत की तैयारियों में जुटा था। इसी बीच एक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

गांव करेड़ा खुर्द के पास नेशनल हाईवे पर ऑटो का ब्रेक फेल होने से हुए हादसे में करेड़ा निवासी 52 वर्षीय रविंद्र की मौत हो गई। वह ऑटो लेकर कुछ सामान लेने निकले थे। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविंद्र ऑटो चलाते थे। सोमवार सुबह वह अपना ऑटो लेकर घर से सामान लेने के लिए निकले थे।

जब वह गांव करेड़ा खुर्द के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे तो अचानक ऑटो का ब्रेक फेल हो गया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खेतों में जा घुसा।

इस दौरान रविंद्र ऑटो से नीचे गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सदर यमुनानगर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि ऑटो का ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ है। इसमें किसी अन्य वाहन चालक की गलती सामने नहीं आई है।

एक तरफ बरात के स्वागत की तैयारी, दूसरी तरफ घर में पसरा मातम

हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में भतीजी की शादी के लिए बरात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया।

परिवार के सामने एक तरफ शादी समारोह संपन्न कराने की जिम्मेदारी थी तो दूसरी तरफ रविंद्र की मौत का गहरा दुख। ऐसे में परिजनों ने फिलहाल उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस में ही रखवाने का फैसला लिया, ताकि भतीजी की शादी का समारोह संपन्न कराया जा सके। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।