विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पांडवों ने यहीं धोए थे अस्त्र-शस्त्र, यमुनानगर के पंचतीर्थी धाम पर कल से मेला; बस एक काम से पूरी हो जाती है हर मन्नत

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:23 PM (IST)

यमुनानगर के पंचतीर्थी धाम में शनिवार से तीन दिवसीय मेले का आयोजन होगा, जिसमें 29 नवंबर को पंचमी पर मुख्य स्नान और दीपदान किया जाएगा।

यमुनानगर पंचतीर्थी धाम में तीन दिवसीय मेला कल से शुरू।

यमुनानगर पंचतीर्थी धाम में तीन दिवसीय मेला कल से शुरू।

HighLights

  1. पंचतीर्थी धाम में शनिवार से तीन दिवसीय मेला शुरू होगा

  2. 29 नवंबर को पंचमी पर होगा मुख्य स्नान और दीपदान

  3. पांडवों ने यहीं धोए थे अपने अस्त्र-शस्त्र, बेरी पर मन्नत

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। पांडवों की कथा, प्राचीन मान्यताओं और पीढ़ियों से चली आ रही मन्नतों की परंपरा को समेटे पंचतीर्थी धाम पर शनिवार (कल) से तीन दिवसीय मेला शुरू होगा। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित धाम में 28, 29 व 30 नवंबर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही रहेगी।

29 नवंबर को पंचमी पर सरोवर में मुख्य स्नान और दीपदान होगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सरोवर की सफाई, पार्किंग व अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महिलाओं के घाट पर पर्दे लगाए गए हैं। साथ ही मेले में खानपान व अन्य सामान की सौ दुकानें सजेंगी और वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने धोए थे अस्त्र-शस्त्र

मंदिर के महंत रामकिशोरी शरण दास महाराज ने बताया कि कुरुक्षेत्र युद्ध के बाद पांडव अस्त्र-शस्त्र धोने के लिए स्थान तलाशते हुए यहां पहुंचे थे। मान्यता है कि अर्जुन ने बाण से सरोवर बनाया, जिसमें पांडवों ने अपने अस्त्र-शस्त्र धोए।

82535669

पंचतीर्थी धाम पर लगे दुखभंजन बेरी पर परांदा बांधते श्रद्धालु। जागरण आर्काइव 

द्रौपदी ने भी यहां अपने केश धोए थे। अज्ञातवास के दौरान पांडवों के यहां ठहरने की कथा भी श्रद्धालुओं में प्रचलित है। इसी मान्यता के कारण सरोवर को विशेष आस्था का केंद्र माना जाता है।

दुखभंजन बेरी पर बांधते हैं मन्नतों के परांदे

धाम की प्राचीन बेरी को श्रद्धालु दुखभंजन बेरी कहते हैं। मान्यता है कि द्रौपदी ने यहां पौधा लगाया और मनोकामना पूरी होने का वरदान दिया। आज भी श्रद्धालु पेड़ पर धागा या परांदा बांधकर मन्नत मांगते हैं। मनोकामना पूरी होने पर उसे खोलने आते हैं। मान्यता है कि पांच रविवार सरोवर में स्नान कर बेरी पर धागा बांधने से मनोकामना पूरी होती है।

C-374-1-HIR1056-492375

जानकारी देते महंत रामकिशोरी शरण दास महाराज।  

मंदिरों में दर्शन, तीन दिन भंडारा

मेले में श्रद्धालु तीनों दिन सरोवर में स्नान व दीपदान करते हैं, पर पंचमी के स्नान का अधिक महत्व है। इसी मुख्य स्नान के लिए सबसे अधिक श्रद्धालु जुटते हैं। साथ ही प्राचीन श्रीराम-कृष्ण मंदिर व पंचमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालु माथा टेकेंगे। मंदिर में पांडवों की मूर्तियां स्थापित हैं। श्रद्धालु प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर सरोवर किनारे दीपदान करेंगे।

82535672

पंचतीर्थी धाम स्थित सरोवर की सफाई कर लगाए पर्दे।- जागरण 

श्रीराम मंदिर कमेटी पंचतीर्थी की ओर से तीनों दिन भंडारा चलेगा। कढ़ी-चावल, पूरी-छोले, पूरी-जलेबी और दाल का प्रसाद वितरित होगा। कमेटी प्रधान मिहा सिंह के साथ ऋखी राम, बलदेव सिंह, बलवान सिंह, लक्ष्मण सिंह, जसवंत सिंह, सुरेंद्र सिंह व सोमनाथ व्यवस्थाओं, सफाई व श्रद्धालुओं की सुविधा में जुटे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।