विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर जिला अस्पताल के मरीजों को राहत, बाजार से सस्ते दामों में मिलेंगे कैंसर व हृदय रोग की दवाइयां

Published: Sat, 19 Sep 2026 02:25 PM (IST)

यमुनानगर के मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी और वीटा बूथ अगले सप्ताह शुरू हो जाएंगे, जिससे मरीजों को सस्ती दवाइयां और तीमारदारों को सुविधा मिलेगी।

नागरिक अस्पताल में खुलेगी अमृत फार्मेसी।

नागरिक अस्पताल में खुलेगी अमृत फार्मेसी। 


HighLights

  1. मुकंद लाल जिला अस्पताल में अमृत फार्मेसी व वीटा बूथ खुलेंगे

  2. कैंसर और हृदय रोग की दवाएं बाजार से सस्ते दाम पर मिलेंगी

  3. मरीजों व तीमारदारों को दूध, चाय व सस्ती दवाइयों की सुविधा

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। मरीजों को सस्ती व सुलभ दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में खोली जा रही अमृत (अफोर्डेबल मेडिसिन एंड रिलाइबल इंप्लांटस फार ट्रीटमेंट) फार्मेसी का स्टोर तैयार हो गया है।

इसके साथ ही वीटा का बूथ भी खुलेगा। दोनों एक जगह होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। अस्पताल में दाखिल तीमारदारों को वीटा बूथ से दूध व चाय की सुविधा मिलेगी।

वहीं दवाइयों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, अगले सप्ताह यह दोनों शुरू हो जाएंगे।

मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल परिसर जन औषधि केंद्र भी चल रहा है, यहां पर दवाइयों से लेकर स्टाफ तक की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग के फार्मेसिस्ट देखते हैं। यदि अस्पताल में कोई दवाई उपलब्ध नहीं है तो मरीज यहां जन औषधि केंद्र से जेनरिक दवाइयां सस्ती कीमत पर ले सकता है।

कई बार जन औषधि केंद्र पर भी दवाई नहीं मिल पाती ऐसे में मरीज को बाहर स्टोर से ही दवाई लेनी पड़ती है।

सस्ते दामों में मिलेंगी महंगी दवाइयां

अमृत फार्मेसी केंद्र में मरीजों के लिए दवाइयां और इम्प्लांट्स बाजार मूल्य की तुलना में कम कीमत पर मिलेगी। इस केंद्र पर कैंसर से लेकर हृदय रोग सहित गंभीर बीमारियों की दवाइयां भी उपलब्ध रहेगी। अच्छी बात ये है कि बाहर के मरीज भी यहां आकर दवाई ले सकेंगे।

केंद्र सरकार का यह प्रोजेक्ट है

यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार का है जिसे निजी एजेंसी के साथ मिलकर अस्पतालों में शुरू किया जा रहा है। जिससे अस्पताला में हर समय दवाइयों की उपलब्धता रहे। डा. दिव्या मंगला, कार्यवाहक सिविल सर्जन ने कहा- अमृत फार्मेसी व वीटा बूथ के लिए स्टोर तैयार हो गए हैं। अगले सप्ताह इसे शुरू कर दिया जाएगा। इन स्टोर के शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। दवाइयों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

खुलेंगे वीटा बूथ

जिला नागरिक अस्पताल में फिलहाल कैंटीन की सुविधा नहीं है ऐसे में अस्पताल में दाखिल मरीजों के लिए तीमारदारों को दूध सहित व बिस्किट सहित अन्य खाद्य पदार्थ के लिए बाहर जाना पड़ता है।

वीटा बूथ खुलने से मरीजों व तीमारदारों को यह परेशानी नहीं रहेगी। यहां पर दुग्ध उत्पाद के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी होगी। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में हर रोज लगभग तीन से साढ़े तीन हजार मरीज पहुंचते हैं।

इनमें से लगभग 2500 मरीज ओपीडी में ही पहुंचते हैं। इसके अलावा इमरजेंसी व आइपीडी में मरीज दाखिल रहते हैं।

यह भी पढ़ें- हरियाणा के इन दो जिलों के लोग हो जाएं सावधान! आज तेज बारिश; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी