जीवन के अस्तित्व के लिए महिलाएं आधी जिम्मेदार : मनीषा
गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से कन्या बचाओ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से कन्या बचाओ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि जिला बाल कल्याण अधिकारी मनीषा खन्ना ने कहा कि भारतीय समाज में लड़कियों के प्रति लोगों की मानसिकता बहुत क्रूर हो रही है। लोग मानते हैं कि लड़कियां पहले परिवार के लिए बोझ होती है और फिर पति के लिए। ये सिर्फ लेने के लिए होती हैं देने के लिए नहीं, लेकिन ये सच नहीं है। दुनिया की आधी जनसंख्या महिलाओं की है। इसलिए महिलाएं धरती पर जीवन के अस्तित्व के लिए आधी जिम्मेदार होती हैं। लड़कियों को कम महत्व देने से धरती पर मानव समाज खतरे में पड़ सकता है। बेटियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के साथ छोटी बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करने, लड़कियों को बचाने और कन्या भ्रूण हत्या पर पूरी तरह रोक लगाने की जरूरत है।
संस्थान की साध्वी ने कहा कि भारतीय समाज में लड़कियों पर बहुत प्रतिबंध लगाए जाते हैं। भारतीय लोगों की ये सामान्य धारणा है कि लड़कियां अपने माता-पिता की बजाय पराया धन होती है। अभिभावक सोचते हैं कि लड़के तो उनके अपने होते हैं जो बुढ़ापे में उनकी देखभाल करेंगे। लड़कियों के बारे में 21वीं सदी में लोगों की ऐसी मानसिकता वाकई शर्मनाक है। जन्म से लड़कियों को पूरे अधिकार देने के लिए लोगों के दिमाग से इसे जड़ से मिटाने की जरुरत है। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्राचार्या डॉ. व¨रदर गांधी व अन्य उपस्थित थे। कॉलेज में वुमन स्टडी सेल के सौजन्य से आइएनजी एनजीओ ने छात्राओं को सेनेटरी नैप¨कस के बारे में भी जागरूक किया।