जमीन के विवाद में महिला को पीटा, फैसला करने के बाद मुकरे आरोपित, पुलिस ने दर्ज किया केस
छछरौली थाना क्षेत्र के गांव कोटड़ा काहन निवासी बानो बेगम को जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने पीटा। जब आरोपितों के खिलाफ शिकायत दी थी तो आरोपितों ने फैसला कर लिया था और जमीन पर दोबारा अवैध कब्जा न करने का आश्वासन दिया था। अब दोबारा फिर आरोपित उनकी जगह पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
छछरौली थाना क्षेत्र के गांव कोटड़ा काहन निवासी बानो बेगम को जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने पीटा। जब आरोपितों के खिलाफ शिकायत दी थी, तो आरोपितों ने फैसला कर लिया था और जमीन पर दोबारा अवैध कब्जा न करने का आश्वासन दिया था। अब दोबारा फिर आरोपित उनकी जगह पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। जिस पर बानो बेगम ने दोबारा शिकायत दी। पुलिस ने मामले में साजिद, अकरम, हनीफ, वाजिद, नदीम, इसराना व फातिमा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जमकर पीटा, कपड़े भी फाड़े :
पुलिस को दी शिकायत में कोटड़ा काहन निवासी बानो बेगम ने बताया कि गांव में उनके प्लाट पर साजिद व अकरम अवैध कब्जा करना चाहते हैं। पांच जुलाई को साजिद, अकरम, हनीफ, वाजिद, नदीम, इसराना व फातिमा डंडे लेकर आए और उनकी जगह पर पड़ी लकड़ियों को उठाकर फेंकने लगे। जब विरोध किया, तो आरोपितों ने डंडों व धारदार हथियारों से उस पर हमला बोल दिया। उसे जमकर पीटा। कपड़े भी फाड़ दिए। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और आरोपितों से उसे बचाया। इस हमले में वह घायल हो गई थी। बाद में परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल कराया। उसी दिन इस वारदात के बारे में छछरौली थाना में शिकायत दे दी थी। शिकायत देने के बाद आरोपितों ने उस पर दबाव बनाया और जगह पर दोबारा कब्जा न करने का आश्वासन दिया। इसके पांच दिन बाद उसे थाना बुलाया। जहां पर आरोपित व गांव के अन्य लोग भी पहुंचे थे। आरोप है कि यहां पर आए लोगों ने दबाव बनाकर उस पर फैसलानामा पर अंगूठा लगवा लिया। अब दोबारा फिर आरोपित उनकी जगह पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।