तीर्थ नगर में महिला की मौत पर हंगामा, पति पर हत्या का आरोप
तीर्थनगर में 49 वर्षीय पुनीता की मौत पर मायके वालों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि उसके पति रविद्र ने हत्या की है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब शव आया तो मायके वाले भड़क गए। उन्होंने आरोपित पति और उसकी दूसरी पत्नी को पकड़ लिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : तीर्थनगर में 49 वर्षीय पुनीता की मौत पर मायके वालों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि उसके पति रविद्र ने हत्या की है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब शव आया, तो मायके वाले भड़क गए। उन्होंने आरोपित पति और उसकी दूसरी पत्नी को पकड़ लिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। हालांकि पति रविद्र का कहना है कि वह बाइक पर उसे लेकर आ रहा था। रास्ते में वह गिर पड़ी। जख्मी हालत में उसे अस्पताल लेकर गया, जहां से पीजीआइ रेफर किया गया था। यहीं पर उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव का पीजीआइ में ही पोस्टमार्टम कराया। सदर यमुनानगर थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी जनकराज ने बताया कि महिला की सड़क हादसे में मौत की बात सामने आई है। अब मायके और मोहल्ले वाले दोनों का झगड़ा होना कह रहे हैं। इसकी जांच की जाएगी।
बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने रविद्र की शादी वहीं के चौटाही गांव की पुनीता के साथ 30 साल पहले हुई थी। शादी के बाद उसका पति रविद्र यहां प्लाईवुड फैक्ट्री में नौकरी करने लगा और तीर्थनगर में किराये के मकान में रह रहा है। मृतका के भाई बबलू ने बताया कि रविद्र का चाल चलन शुरू में ठीक रहा। उनके बच्चे हुए। बाद में वह बदल गया। आरोप है कि उसने गुपचुप दूसरी शादी कर ली थी। उस महिला के साथ वह अलग मकान में रहने लगा। इसका विरोध करने पर उनकी बहन के साथ मारपीट की। उसे घर से भी निकाल दिया गया था। सोमवार की शाम को रविद्र का फोन आया और पुनीता की हालत बिगड़ने के बारे में बताया। जब तक वह यहां पहुंचे, तो पुनीता की मौत हो चुकी थी।
रविद्र व महिला को बनाया बंधक
गुस्साए मायके वालों ने हंगामा करते हुए रविद्र को बंधक बना लिया। जिस महिला से शादी का आरोप लगा रहे थे। उसे भी वहीं पर बिठा लिया। उनके साथ मारपीट भी की। देर शाम सदर यमुनानगर पुलिस पहुंची और परिजनों से बातचीत कर मामला शांत किया। वहीं बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले भी पुनीता के साथ रविद्र ने मारपीट की थी। इस संबंध में उसने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।