अधिकारियों की कार्यप्रणाली से नाखुश डेयरी संचालक, बोले - यहां से पलायन करना है हमारी मजबूरी
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : डीसी व विधायक डेयरी कांप्लेक्स दड़वा में पानी की निकासी व अन्य
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
डीसी व विधायक डेयरी कांप्लेक्स दड़वा में पानी की निकासी व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पाए। जिससे व्यवसायियों में रोष है। ऐसे हालातों में व्यवसायी शहर से कॉप्लेक्स में शिफ्ट करने से गुरेज कर रहे हैं, जो शिफ्ट कर कर चुके हैं, वे भी अब कांप्लेक्स से लौटना शुरू हो गए हैं।
व्यवसायियों का कहना है कि उनको बिना सुविधा मुहैया करवाए प्रशासन ने डंडे के जोर से शिफ्ट करवाया। उनका कारोबार चौपट हो गया है। अब शिफ्ट करवाने वाले प्रशासनिक अधिकारियों को उनकी परवाह नहीं है। बता दें कि कांप्लेक्स में कुल 228 प्लॉट हैं। करीब 150 ने ही अब तक शिफ्ट किया है। मंगलवार को नगर निगम ने इंजन लगाकर निकासी करवाई, लेकिन व्यवसायी इससे संतुष्ट नहीं हैं।
अब इनकी बढ़ी मुश्किलें
डेयरी कांप्लेक्स की गलियों व नालियों में जमा पानी की निकासी की अस्थायी व्यवस्था की गई है। नाला खुदवाकर दड़वा माजरी में निकासी की है। ऐसा करने से कांप्लेक्स की गलियों से पानी निकल गया, लेकिन दड़वा माजरी के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गंदा पानी उनके घरों के पास ही जमा हो रहा है। इस मामले को लेकर सोमवार को ग्रामीण डेयरी संचालकों से मिले थे, लेकिन इनका कहना भी यही था कि यह निकासी नगर निगम ने करवाई है। हमने तो केवल कांप्लेक्स से पानी की निकासी चाहिए।
ऐसा करे तो बेहतर
व्यवसायियों का कहना है कि किसी को भी परेशान करना उनकी मंशा नहीं है। डेयरी कांप्लेक्स से पानी की निकासी जरूरी है। उनके मुताबिक दड़वा गांव में नगर निगम की जमीन है। यहां एक एकड़ में निकासी की व्यवस्था करवा दी जाए तो उनकी समस्या का समाधान हो सकता है। ऐसा करने से दड़वा माजरी में भी पानी की निकासी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि निकासी के लिए नगर निगम ने जो टैंक बनाए हुए हैं, वह पर्याप्त नहीं हैं। ये पानी से लबालब हैं।
कांप्लेक्स में फैल सकती बीमारी
डेयरी एसोसिएशन के प्रधान बेअंत ¨सह भाटिया, पुनित लांबा व अन्य का कहना है कि कांप्लेक्स में पीने का पानी भी दूषित सप्लाई हो रहा है। निकासी न होने से गंदगी फैल रही है। पशुओं में बीमारी फैलने लगी है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व प्रशासनिक अधिकारियों से समस्याओं के समाधान की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या ज्यों कि त्यों है। निकासी की अस्थायी व्यवस्था से काम चलने वाला नहीं है। बिना सुविधाओं के कांप्लेक्स में काम करना मुश्किल हो गया है। यहां से पलायन करना मजबूरी बन चुकी है।
----------------
डेयरी कांप्लेक्स में सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। दड़वा में जल्द की टीम दौरा करेगी। जो काम लंबित हैं, उन्हें जल्दी ही पूरा करवा दिया जाएगा।
दीपक सूरा, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम।