साढौरा में सीएए के सर्मथन में तिरंगा यात्रा निकाली
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, साढौरा : नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने सीएए के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पटवार खाना के पास श्रीकृष्णा मंदिर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा बाजार से होती हुई रेस्ट हाउस पहुंची। तिरंगा यात्रा का आयोजन कस्बे के सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा किया गया। सर्वप्रथम राष्ट्रीय गान करके 70 फुट का तिरंगा ध्वज फहराया गया और उसके बाद भारत माता के जयकारों के साथ तिरंगा यात्रा शुरू हुई। बाजार में कई जगह पुष्प वर्षा करके तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने एक सुर से सीएए का समर्थन किया। साथ ही एनआरसी के संबंध में फैलाई जा रहीं भ्रांतियों को लोगों के बीच जाकर दूर करने का उपस्थित सभी लोगो से आह्वान किया। सोम प्रकाश, अवध अग्रवाल व विकुल बक्शी ने सीएए व एनआरसी की विस्तार से जानकारी देते हुए अफवाहों से बचने की अपील की। मौके पर नरेश बक्शी, संदीप परुथी, धर्मपाल सैनी, नरेश सिगला, रणबीर सिंह, सुमत जैन, मंगतराम सैनी, संजीव सैनी, जॉन सैनी, पीयूष छिब्बर व अन्य उपस्थित थे।