तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत, 31 नए केस मिले, 13 स्वस्थ होकर लौटे घर
जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमित तीन और मरीजों की मौत हो गई है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमित तीन और मरीजों की मौत हो गई। अब तक 12 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं सोमवार को 31 नए मरीज भी मिले। इनमें से कुछ पूर्व में आ चुके संक्रमितों के संपर्क में आए हैं। राहत की खबर यह है कि 13 मरीजों ने कोरोना को हराया। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मुलाना में हुई दो की मौत :
हमीदा कालोनी निवासी 35 वर्षीय महिला को शुगर व थायरायड की बीमारी की वजह से मुलाना अस्पताल में दाखिल किया गया था। जहां उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चार दिन पहले उसे दाखिल कराया गया था। वहां पर भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।सोमवार को उसकी मौत हो गई। नगर निगम की टीम ने महिला का शव जगाधरी के कब्रिस्तान में दफनाया। इस दौरान परिवार को दूर ही रखा गया। वहीं बूड़िया से 80 वर्षीय वृद्ध को सांस लेने में दिक्कत होने पर मुलाना अस्पताल में दाखिल कराया गया था। जहां उसे वेंटीलेटर पर रखा गया। सोमवार को उसकी भी मौत हो गई। वहीं एक अन्य कोरोना संक्रमित गांधीधाम कालोनी निवासी 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। वह कई दिनों से गाबा अस्पताल में दाखिल था। उनका भी नगर निगम की टीम ने ही संस्कार कराया। 31 नए केस मिले :
53 वर्षीय महिला, 82 वर्षीय वृद्ध कमलानगर कालोनी, 40 वर्षीय युवक सेक्टर-17 जगाधरी, 79 वर्षीय वृद्ध गांव इसोपुर औरंगाबाद, 37 वर्षीय महिला हमीदा से कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा 49 वर्षीय युवक मॉडल कालोनी, 11 वर्षीय बालक, 14 वर्षीय किशोरी, 35 वर्षीय युवक लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास जगाधरी, 64 वर्षीय वृद्ध, 62 वर्षीय वृद्धा, 36 वर्षीय महिला, 10 वर्षीय बालक, 7 वर्षीय बालक, 30 वर्षीय महिला गोपालनगर जगाधरी से मिले हैं। ये पूर्व में आ चुके संक्रमितों के संपर्क से हैं। 30 वर्षीय युवक, 38 वर्षीय युवक, 30 वर्षीय महिला, 50 वर्षीय महिला, 60 वर्षीय वृद्धा इंद्रा गार्डन कालोनी, 56 वर्षीय अधेड़ सरोजनी कालोनी, 24 वर्षीय युवक काली माता मंदिर जगाधरी, 47 वर्षीय महिला नानक नगर, 53 वर्षीय महिला गोपाल नगर, 38 वर्षीय युवक सेक्टर-17 जगाधरी, 29 वर्षीय महिला त्यागी गार्डन, 74 वर्षीय वृद्ध माडल टाउन यमुनानगर, 11 वर्षीय बालक साढौरा, 50 वर्षीय अधेड़ गांधीधाम जगाधरी, 25 वर्षीय महिला गधौली, 52 वर्षीय महिला देवी भवन बाजार जगाधरी से कोरोना संक्रमित
मिले हैं। सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि 13 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया। अब तक जिले में 319 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 77 कोरोना संक्रमितों को घर पर ही (होम आइसोलेट) किया गया है। फिलहाल जिले में 262 मरीज कोरोना संक्रमित हैं। इनमें से नौ अन्य राज्यों में दाखिल हैं।