किशोरी की मां समेत तीन आरोपित गए जेल, बाल विवाह का आरोपित रिमांड पर
-मामला रोहतक में किशोरी को बेचकर बाल विवाह करने का
-मामला रोहतक में किशोरी को बेचकर बाल विवाह करने का
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
पुराना हमीदा से बेची गई 17 वर्षीय किशोरी के केस में गिरफ्तार की गई उसकी मां समेत तीन आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जबकि किशोरी से बाल विवाह करने के आरोपित रोहतक के गांव धामड़ निवासी विक्रम को रिमांड पर लिया गया है। उससे रिमांड के दौरान अब उस धार्मिक स्थल की निशानदेही कराई जाएगी। जहां उसने किशोरी से शादी की थी। हमीदा चौकी इंचार्ज शमसेर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित धामड़ गांव निवासी रामफूल उर्फ झासू, उसके गांव के किताब सिंह व किशोरी की मां को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह था मामला :बाल कल्याण समिति रोहतक की चेयरपर्सन की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, किशोरी को उसकी मां ने रोहतक के गांव धामड़ में 40 वर्षीय विक्रम सिंह को बेच दिया था। विक्रम ने उससे शादी कर ली थी। किशोरी यहां से जाते समय अपने साथ 12 वर्षीय सहेली को भी लेकर गई थी, ताकि उसका मन लगा रहे। वहां पर 12 वर्षीय किशोरी का मन नहीं लगा, तो उसने चाइल्ड लाइन को सूचना दी। जिस पर चाइल्ड लाइन की टीम ने दोनों किशोरियों को रेस्क्यू किया। दोनों के बाल कल्याण समिति के सामने बयान कराए गए। जिसमें किशोरी ने बताया कि धामड़ के झासू से मिलकर उसकी मां ने सौदा किया था और उसे विक्रम को बेचा गया। विक्रम ने धामड़ में उसके साथ शादी की और जयमाला पहनाई थी। इस केस में किशोरी की मां, झासू व विक्रम के खिलाफ रोहतक सदर थाने में केस दर्ज हुआ था, क्योंकि घटनास्थल यमुनानगर का था। इसलिए केस को शहर यमुनानगर पुलिस के पास ट्रांसफर कर दिया गया है।