रॉयल्टी कर्मचारी से लूट करने के तीन आरोपित गिरफ्तार
रॉयल्टी कर्मचारियों से मारपीट कर दस हजार रुपये लूटने के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
रॉयल्टी कर्मचारियों से मारपीट कर दस हजार रुपये लूटने के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सीआइए वन की टीम ने कनालसी यमुना नदी घाट के पास से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव रावनपुर बुजुर्ग निवासी मोहम्मद अमजद, शौकीन और सद्दाम को पकड़ा है। आरोपितों को रिमांड पर लिया गया है।
सीआइए वन के इंचार्ज महावीर सिंह ने बताया कि भगवानगढ़ निवासी गोविद, अंकुश और गौरव रॉयल्टी काटने का काम करते हैं। 27 मार्च को तीन आरोपित बाइक पर आए और उन पर रॉड से हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद उनसे दस हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। यह मामला बूड़िया थाने में दर्ज हुआ था। इस वारदात को मोहम्मद अमजद, शौकीन और सद्दाम ने अंजाम दिया था। तीनों आरोपित किराए की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर यमुना नदी पर खनन सामग्री भरने के लिए आते थे। इस दौरान उन्होंने रॉयल्टी कर्मचारियों को लूटने की योजना बनाई। वह रात को आए और वारदात को अंजाम दिया। किसी को शक न हो। इसलिए अगले दिन आरोपित अमजद यमुना घाट पर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर रेत भरने आया था। अमजद ही वारदात के दिन बाइक लेकर आया था।