महिला व उसके बेटे को डेढ़ माह तक बनाए रखा बंधक, फिर होटलों में ले जाकर कई बार किया दुष्कर्म
यमुनानगर के साढौरा थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके बेटे को डेढ़ माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का ...और पढ़ें

महिला व उसके बेटे को डेढ़ माह तक बनाए रखा बंधक, होटलों में ले जाकर किया दुष्कर्म।
HighLights
महिला और बेटे को डेढ़ माह तक बंधक बनाया गया
आरोपियों ने विभिन्न स्थानों पर ले जाकर महिला से दुष्कर्म किया
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। साढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 27 वर्षीय महिला और उसके बेटे को डेढ़ माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के राजिल और उसके भाई गुलजार ने महिला को बंधक बनाकर विभिन्न स्थानों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान आरोपितों ने होटल में अपने अन्य साथियों को भी बुलाया, उन्होंने भी महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर मंगलवार को महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो बच्चे हैं और उसका पति हिमाचल प्रदेश के काला आंब में नौकरी करता है।
11 दिसंबर को पति के काम पर जाने के बाद उसके बेटे की तबीयत खराब हो गई। दवाई लेने के लिए जब वह घर से निकली तो उसे रास्ते में राजिल ने बाइक पर लिफ्ट दी। इस दौरान राजिल ने उसे साढौरा में एक अच्छे डाक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाकर जगाधरी के एक कमरे में बंधक बना लिया और बेटे को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद राजिल ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका मोबाइल छीन लिया। आरोपितों ने महिला को जयपुर ले जाकर एक होटल में रखा। दोनों आरोपितों ने महिला को जगाधरी में दो घंटे तक बंधक बनाए रखा और बार-बार बेटे को मारने की धमकी दी।
इसके बाद उसे मोरनी के एक होटल में ले जाकर भी दुष्कर्म किया गया। आरोपितों ने उसे फर्जी कागजात पर साइन कराने के लिए मजबूर किया और लगभग 15 दिन तक सेफ हाउस में रखा। अंततः 31 जनवरी को राजिल और गुलजार उसे और उसके बेटे को कपालमोचन में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह वह घर पहुंची और इस घटना की जानकारी दी।
