विदेश भेजने के नाम पर 10 लाख ठगे
साढौरा के सफीलपुर गांव निवासी ठाकुर सिंह से बेटे को विदेश भेजने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये ठग लिए गए। पैसे देने के बावजूद उसका बेटा विदेश नहीं गया। उसने पैसे लेने का आरोप अंबाला के रायपुर वीरान निवासी सुभाषचंद पर लगाया है। पीड़ित ने एसपी को इस संबंध में शिकायत दी थी।
जासं, यमुनानगर : साढौरा के सफीलपुर गांव निवासी ठाकुर सिंह से बेटे को विदेश भेजने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये ठग लिए गए। पैसे देने के बावजूद उसका बेटा विदेश नहीं गया। उसने पैसे लेने का आरोप अंबाला के रायपुर वीरान निवासी सुभाषचंद पर लगाया है। पीड़ित ने एसपी को इस संबंध में शिकायत दी थी। साढौरा थाना प्रभारी रतनलाल ने बताया कि इकोनॉमिक सेल से जांच कराने के बाद यहां पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
पुलिस को ठाकुर सिंह ने बताया कि सुभाषचंद से उसकी जान पहचान थी। उसके बेटे का रिश्ता भी उसने ही तय कराया था। सुभाष ने उसके बेटे को पुर्तगाल भिजवाने का झांसा दिया। उसे कहा कि वहां पर अच्छा रोजगार मिलेगा। उसकी कई लोगों से जान पहचान है। वह विदेश भेजने का कार्य करता है। इसके लिए आरोपित ने उससे 2017 में अलग-अलग समय पर 10 लाख रुपये ले लिए। पहले तो वह कागजी कार्रवाई के नाम पर उसे उलझाता रहा। बाद में वह मुकर गया। पैसे वापस मांगे, तो पैसे भी वापस देने से मना कर दिया। वहीं सुभाषचंद का कहना है कि बेवजह उस पर आरोप लगाए जा रहे हैं। इकोनॉमिक सेल में भी उसे बुलाया गया था। वहां भी उसने अपने बयान दिए थे। उसके बेटे को विदेश भेजने का किसी तरह का कोई वादा नहीं किया था।