विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर में मालगाड़ी पर चढ़कर वीडियो बनवा रहा था किशोर, हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौत

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:09 PM (IST)

यमुनानगर में जगाधरी वर्कशाप के पास मालगाड़ी पर वीडियो बनाते समय 15 वर्षीय किशोर हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

केशव का जीवित समय का फोटो। स्वजन

केशव का जीवित समय का फोटो। स्वजन

HighLights

  1. किशोर मालगाड़ी पर वीडियो बनवाते समय झुलसा।

  2. हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत।

  3. मृतक केशव परिवार का इकलौता बेटा था।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। जगाधरी वर्कशाप के सामने खड़ी मालगाड़ी पर चढ़कर फोटो और वीडियो बनवाते समय 15 वर्षीय किशोर हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि जोरदार धमाका हुआ और किशोर का शरीर बुरी तरह झुलस गया। रेलवे पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान फर्कपुर थाना क्षेत्र की राजा गार्डन कालोनी निवासी केशव के रूप में हुई है। वह 10वीं कक्षा में पढ़ता था। इन दिनों उसकी बुआ का बेटा दयालगढ़ निवासी आशीष घर आया हुआ था। रविवार को दोनों कपड़े खरीदने के लिए घर से निकले थे।

नए कपड़े खरीदने के बाद वे घर लौट आए। आशीष ने बताया कि दोनों सड़क किनारे फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान उसके पास काल आई तो वह फोन पर बात करने लगा।

तभी केशव मालगाड़ी पर चढ़ गया और हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से जोरदार धमाका हुआ। केशव बुरी तरह झुलस गया और उसके शरीर से धुआं निकलने लगा।

परिवार का इकलौता बेटा था केशव

केशव परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता कमल बीमी पालिसी एजेंट हैं। उसकी एक छोटी बहन भी है। पिता ने बताया कि केशव अक्सर फोटो और वीडियो बनाता रहता था। उसे मोबाइल का अधिक प्रयोग न करने के लिए कई बार समझाया था।

एक बार वह बूड़िया में भी नहर किनारे पहुंच गया था। जीआरपी थाना प्रभारी सतप्रकाश ने बताया कि किशोर साथी से वीडियो बनवाने के लिए मालगाड़ी पर चढ़ा था। इसी दौरान हादसा हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।