ट्रक चालक की हत्या में परिचालक पर शक, तलाश में अलीगढ़ पहुंची पुलिस
ट्रक चालक फिरोजपुर निवासी लाभ सिंह के शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हुआ। इस मामले में यमुना गोल्डन ट्रांसपोर्ट के संचालक छज्जू की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज हुआ है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
ट्रक चालक फिरोजपुर निवासी लाभ सिंह के शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हुआ। इस मामले में यमुना गोल्डन ट्रांसपोर्ट के संचालक छज्जू की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। अभी तक की जांच में परिचालक रिकू पर ही हत्या का शक जताया जा रहा है। वह लापता है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ गई है।
सोनीपत के गांव फिरोजपुर निवासी 45 वर्षीय लाभ सिंह का बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे यमुना गोल्डन ट्रांसपोर्ट के सामने ट्रक में शव मिला था। पुलिस ने जांच की, तो उसके गले पर निशान मिले। इसी आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि मृतक चालक की पत्नी काफी पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसके पास केवल एक बेटी है। दो दिन बाद उसके भतीजे की भी शादी होनी थी। अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज अभय राम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। बिसरा भी जांच के लिए भेजा गया है।