नगर निगम के नाले : कहीं टूटे तो कहीं गंदगी से अटे, अफसरों को नहीं परवाह
नगर निगम के नाले दुरुस्त नहीं हैं। कहीं कचरा व गाद से अटे पड़े हैं तो कहीं टूटकर फैले हुए हैं। फिर भी नगर निगम अधिकारी नियमित रूप से सफाई का दावा कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम के नाले दुरुस्त नहीं हैं। कहीं कचरा व गाद से अटे पड़े हैं तो कहीं टूटकर फैले हुए हैं। फिर भी नगर निगम अधिकारी नियमित रूप से सफाई का दावा कर रहे हैं। कई माह तक नालों की सफाई की सुध नहीं ली जा रही है।
गत दिनों नगर निगम कमिश्नर श्याम लाल पुनिया ने अधिकारियों के साथ नालों की स्थिति का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने नियमित रूप से सफाई व नालों की मरम्मत की बात कही गई, लेकिन अभी तक इस पर अमल नहीं हुआ है। दैनिक जागरण की टीम शहर के उन क्षेत्रों का दौरा किया जहां थोड़ी सी बारिश होते ही जल भराव हो जाता हैं। यहां भी नालों की स्थिति बदहाल मिली। 12 बजे लक्ष्मी गार्डन :
चांदपुर, फ्रेंड्स कॉलोनी व लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी सहित अन्य कई कॉलोनियों से होकर गुजर रहा नाला हाइवे के पास बदहाल स्थिति में है। काफी समय से टूटा पड़ा है। थोड़ी सी बारिश होते ही पानी फैलकर आसपास घुस जाता है। नाले की सफाई भी नहीं की गई। बारिश होते ही कॉलोनियों में पानी जमा हो जाता है। वार्ड नंबर-16 से पार्षद रिया का कहना है कि शिव शंकर स्कूल, फ्रेंड्स कॉलोनी व कमानी चौक के पास से गुजर रहे छोटे नालों की निकासी बड़े नाले में कर दी जाए तो बेहतर होगा। इससे निकासी की व्यवस्था सुधरेगी। 12:15 गांधी नगर :
गांधी नगर जंक्शन के पास पीडब्ल्यूडी ने सड़क की चौड़ाई बढ़ाई है। बरसाती पानी की निकासी के लिए दोनों ओर नाला बनाया गया। बनने के बाद इस नाले की सफाई नहीं की गई। अब यह नाला गंदगी व गाद से अटा पड़ा है। बारिश होने पर पानी नाले में नहीं बल्कि सड़क पर बहता है। नाले की स्लैब भी कई जगह से टूट चुकी है। यह मेन रोड है और निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। 12:40 बाइपास चौक :
जगाधरी-यमुनानगर की विभिन्न कॉलोनियों से होता हुआ बड़ा नाला जम्मू कॉलोनी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में गिर रहा है। इस नाले पर कई जगह अवैध निर्माण भी है। हालांकि इस बारे वार्ड नंबर-13 से पार्षद निर्मल चौहान कई बार हाउस की बैठक में आवाज उठा चुकी हैं, लेकिन नाले से अवैध निर्माण नहीं हटवाया गया। इस नाले की नियमित रूप से सफाई भी नहीं करवाई जाती। बारिश होने पर यह नाला क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाता है। घरों व दुकानों में पानी घुस जाता है। डेढ़ बजे सहारनपुर रोड :
सहारनपुर रोड पर पानी की निकासी के लिए दोनों ओर नाला बना हुआ है। यह नाला जगह-जगह से टूटा पड़ा है। इसकी सफाई भी कभी-कभार ही की जाती है। नाला कचरे से अटा पड़ा है। बारिश होने पर पानी नाले से नहीं बल्कि सड़कों व गलियों में बहता है। हाउस की बैठक में उठ चुका मुद्दा
नालों की बदहाली का मुद्दा गत दिनों पार्षदों ने हाउस की बैठक में भी उठाया था। बैठक में नालों की नियमित रूप से सफाई व मरम्मत किए जाने की मांग की थी। इस पर नगर निगम अधिकारियों ने सभी नालों की सफाई करवाने का आश्वासन दिया था। कई दिन से बारिश होने का सिलसिला जारी है, लेकिन नालों की सफाई को लेकर कर्मचारी गंभीर नहीं है।