जेल में शेर सिंह बड़शामी की बिगड़ी हालत, ट्रॉमा सेंटर से अंबाला रेफर
जमीन की खरीद फरोख्त मामले में जिला जेल जगाधरी में बंद पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी की रविवार देर रात तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर यमुनानगर ले जाया गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : जमीन की खरीद फरोख्त मामले में जिला जेल जगाधरी में बंद पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी की रविवार देर रात तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर यमुनानगर ले जाया गया। रातभर रखने के बाद सोमवार अल सुबह उन्हें सिविल अस्पताल अंबाला में रेफर कर दिया गया। अस्पताल में भर्ती होने के कारण सोमवार को उनकी जमानत याचिका व जेल में स्वास्थ्य संबंधित सुविधाएं मुहैया कराने पर भी फैसला नहीं हो सका। फिलहाल उनका उपचार अंबाला अस्पताल में ही चल रहा है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात जब शेर सिंह बड़शामी बैरक में आराम कर रहे थे तो उन्हें बेचैनी व घबराहट महसूस हुई। जेल पुलिस उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल जगाधरी ले गया। यहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर यमुनानगर रेफर कर दिया गया। यमुनानगर सिविल अस्पताल में पूर्व विधायक को रातभर रखा गया। चेकअप के दौरान पता चला कि उनका रक्तचाप बढ़ा हुआ था।
वहीं, शिकायतकर्ता कर्मवीर खुर्दबन ने भी सुरक्षा की मांग को लेकर कोर्ट में याचिका लगाई है। डिस्ट्रिक्ट एटोरनी अमन कौशिक ने बताया कि जमानत याचिका और स्वास्थ्य संबंधी याचिका वापस ले ली गई है। सुरक्षा को लेकर जो याचिका कर्मवीर ने लगाई है अब उस पर सुनवाई होगी। ये है मामला :
खुर्दबन गांव के कर्मवीर सिंह 27 नवंबर को थाना रादौर में लाडवा के पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी, गुरुग्राम निवासी कर्म सिंह और ईश्वर सिंह पर जमीन की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। आरोप है कि उनकी 48 कनाल पांच मरले जमीन की फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी शेर सिंह बड़शामी ने बनवा कर बायनामा करा लिया। कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज होने के बाद शेर सिंह ने 30 नवंबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पुलिस ने उनसे 40 हजार रुपये की रिकवरी भी की थी। उन्हें दो बार रिमांड भी लिया गया था। बीपी बढ़ गया था : रतन सिंह
जिला जेल जगाधरी के एसपी रतन सिंह ने बताया कि शेर सिंह बड़शामी की तबीयत का बीपी बढ़ गया था। उन्हें पहले सिविल अस्पताल जगाधरी व फिर यमुनानगर में भर्ती कराया गया। फिलहाल वे अस्पताल में उपचाराधीन है।