विदेश भेजने के नाम पर सात लाख ठगे
समध गली जगाधरी निवासी आशुतोष गर्ग से विदेश भेजने के नाम पर सात लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप राजस्थान के जयपुर जिले के गांव डूंडली बली निवासी गिरीराज शर्मा सियाराम शर्मा मुकेश कुमार पर लगा है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : समध गली जगाधरी निवासी आशुतोष गर्ग से विदेश भेजने के नाम पर सात लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप राजस्थान के जयपुर जिले के गांव डूंडली बली निवासी गिरीराज शर्मा, सियाराम शर्मा, मुकेश कुमार पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, आशुतोष रोजगार की तलाश में विदेश जाना चाहता था। इस दौरान वह गिरीराज शर्मा के संपर्क में आया। जिसने उसके विदेश जाने के दस्तावेज तैयार कराने का झांसा दिया। इसके बदले में सात लाख रुपये की डिमांड की गई। जो आशुतोष ने उन्हें किश्तों में दे दिए। 20 जून तक वह उन्हें सात लाख रुपये दे चुका था। तय समय बीतने के बाद भी जब आरोपितों ने कोई जवाब नहीं दिया, तो उसे शक हुआ और उनसे पैसे वापस मांगे। आरोपितों ने पैसे वापस देने मना कर दिया। परेशान होकर उसने पुलिस को शिकायत दी। पहले यह शिकायत सदर यमुनानगर थाने में गई। बाद में वहां से जीरो एफआइआर काटकर शहर यमुनानगर थाने में भेजी गई। शहर यमुनानगर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।