भाजपा ने की झूठ की राजनीति : सैलजा
कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बुधवार को यमुनानगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी निर्मल चौहान साढौरा से प्रत्याशी रेणू बाला व जगाधरी से अकरम खान के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बुधवार को यमुनानगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी निर्मल चौहान, साढौरा से प्रत्याशी रेणू बाला व जगाधरी से अकरम खान के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद लोगों में बदलाव की लहर दौड़ रही है। पहले पांच साल में भाजपा ने जनता से 154 झूठ बोल कर जनता को बहकाने का काम किया है। इस बार फिर से भाजपा 250 झूठ का घोषणा पत्र लेकर आई है, जिसे जुमला पत्र कहना उचित होगा। कर्मचारियों को अपनी मांगों को मनवाने के लिए हड़तालों का सहारा लेना पड़ रहा है। भाजपा ने किसानों, कर्मचारी, मजदूर सहित सभी वर्गाें से झूठे वादे कर सत्ता हथियाने का काम किया है। कांग्रेस की सरकार बनते ही नशा रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। किसानों के कर्ज चौबीस घंटे के भीतर माफ किए जाएंगे। गरीब व जरूरतमंद को मकान बनाने के लिए प्लांट वितरित किए जाऐंगे।