सफाई कर्मचारी ने लगाया वसूली का आरोप, चार पर केस दर्ज
पुराना हमीदा निवासी पंकज कुमार ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह नगर निगम में सफाई कर्मचारी है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने कुछ लोगों पर उनसे वसूली करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
पुराना हमीदा निवासी पंकज कुमार ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह नगर निगम में सफाई कर्मचारी है। 18 मई को उनके पास दलीप कंडारा पांसरा, रिकू गागट जगाधरी, सन्नी लोहट कैंप और सोहना मुंडा माजरा आए थे। रिकू गागट ने रिवाल्वर सामने रखकर धमकी दी कि वह अपने और अपने साथियों के वेतन से हर माह दस प्रतिशत हिस्सा एकत्रित कर उन्हें दें। अगर पैसे नहीं दिए तो अंजाम ठीक नहीं होगा। उन्होंने धमकी देते हुए यह भी कहा कि वे सफाई ठेकेदार से भी हर माह राशि लेंगे। अगर पैसे नहीं दिए तो उसका ठेका बंद करा देंगे। वे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इससे वे डरे हुए थे और अपनी ड्यूटी पर भी नहीं जा पा रहे थे। शहर यमुनानगर पुलिस ने इस शिकायत पर आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
झूठा केस दर्ज कराया है : रिकू गागट
वाल्मीकि समाज का नेतृत्व करने वाले रिकू गागट का कहना है कि मैं पंकज कुमार नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानता। निगम में जितने सफाई कर्मचारी लगे हैं उनमें ज्यादातर वाल्मीकि समाज से हैं। हम अपने समाज के लोगों से ही वसूली क्यों करेंगे। यह झूठा केस नगर निगम के एक ठेकेदार के कहने पर दर्ज कराया गया है क्योंकि हमने कुछ दिन पहले कुछ सफाई कर्मचारियों की वीडियो बनाई थी। उसने आरोप लगाया था कि उन्हें रिकार्ड में 12 हजार रुपये दे रहे हैं, जबकि वास्तव में आठ हजार रुपये दिए जाते हैं। हमें एक बार भी शिकायत के बारे में बताया नहीं गया। हम किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।