यमुनानगर के श्रीकपालमोचन पहुंचीं पंजाब CM की माता हरपाल कौर, भगवंत मान की शादी के लिए यहीं मांगी थी मन्नत
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की माता हरपाल कौर ने कार्तिक मास की सुंदर दूज पर तीर्थराज श्रीकपालमोचन पहुंचकर पवित्र सरोवरों में आचमन कर पूजा-अर्चना की।
-1795697025072_m.webp)
HighLights
हरपाल कौर ने श्रीकपालमोचन में पवित्र सरोवरों में आचमन किया
उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए धार्मिक अनुष्ठान किए
श्राइन बोर्ड कार्यालय में उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। कार्तिक मास की सुंदर दूज पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की माता हरपाल कौर तीर्थराज श्रीकपालमोचन पहुंचीं। उन्होंने सादगी भरे माहौल में पवित्र सरोवरों में आचमन कर पूजा-अर्चना की।
हरपाल कौर कुछ वर्षों से हर साल श्रीकपालमोचन मेले के दौरान स्नान व पूजा के लिए आती रही हैं। इस बार भी उन्होंने धार्मिक स्थलों पर माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
हरपाल कौर ने सबसे पहले सूरजकुंड सरोवर पहुंचकर पूजा की। इसके बाद अन्य सरोवरों में आचमन कर धार्मिक अनुष्ठान किए। उन्होंने यहां स्थित बाबा दुधाधारी की मजार पर भी माथा टेका। बताया जाता है कि उन्होंने पहले अपने बेटे की शादी के लिए यहां मन्नत मांगी थी।

मन्नत पूरी होने पर अगले वर्ष बाबा का आभार जताने पहुंची थीं। पोते के जन्म के बाद भी वह सूरजकुंड सरोवर पर माथा टेकने आई थीं। इसके बाद हरपाल कौर गुरुद्वारा पहली एवं दसवीं पातशाही साहिब पहुंचीं।
गुरुद्वारा प्रबंधक व हैड ग्रंथी ने उन्हें सिरोपा भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने जाट धर्मशाला स्थित धन्ना भगत मंदिर सहित कपालमोचन के अन्य मंदिरों में दर्शन कर माथा टेका।
श्राइन बोर्ड कार्यालय में स्मृति चिह्न भेंट किया
श्राइन बोर्ड कार्यालय पहुंचने पर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार रविंद्र कौशिक ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने सर छोटूराम जाट धर्मशाला में जलपान किया। धर्मशाला के सदस्यों ने उन्हें शाल और स्मृति चिह्न भेंट किया।

इस अवसर पर प्रधान भूपिंद्र सिंह तुम्बी, संजू अहड़वाला, जसबीर चोराही, बबलू संधाय, डॉ. धर्मपाल मोहड़ी, सतीश सरावीं व मान सिंह गनौला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। हरपाल कौर अपनी निजी कार से सुरक्षाकर्मियों के साथ पहुंचीं।