विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारी सीजन में आपकी थाली में 'जहर', हरियाणा के 6 जिलों के 50 में से 16 सैंपल फेल; करीब 30 क्विंटल पनीर नष्ट

Published: Sat, 17 Oct 2026 10:51 PM (IST)

त्योहारी सीजन में हरियाणा के छह जिलों में पनीर की शुद्धता पर सवाल उठे हैं। 50 सैंपलों में से 16 ...और पढ़ें

पनीर के सैंपल भरती विभागीय टीम। फोटो जागरण

पनीर के सैंपल भरती विभागीय टीम। फोटो जागरण

HighLights

  1. छह जिलों में 50 में से 16 पनीर सैंपल फेल।

  2. झज्जर, यमुनानगर में भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर नष्ट।

  3. मिलावट पर जुर्माना, मुकदमे दर्ज, गुणवत्ता पर सवाल।

जागरण टीम, पानीपत/हिसार। त्योहारी सीजन में पनीर की शुद्धता को लेकर चिंता बढ़ी है। छह जिलों में लिए गए 50 सैंपलों में से 16 फेल मिले, जबकि यमुनानगर के आठ सैंपलों की रिपोर्ट लंबित है। रोहतक में आठ में से पांच और झज्जर में नौ में से चार सैंपल फेल हुए।

झज्जर में डेढ़ माह के दौरान 750 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा गया। यमुनानगर में भी 21 क्विंटल पनीर नष्ट किया गया। इन कार्रवाइयों के साथ बाजार में पहुंचने वाले पनीर की गुणवत्ता और सप्लाई चेन पर निगरानी की व्यवस्था कठघरे में है।

झज्जर में एक सितंबर से अब तक पनीर के नौ सैंपल लिए गए, जिनमें चार फेल मिले। इस अवधि में कुल 36 खाद्य सैंपल लिए गए। चार सितंबर को झज्जर में 200 किलो और 13 अक्टूबर को बहादुरगढ़ में 550 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा गया। लैब रिपोर्ट फेल आने पर संबंधित पक्षों को एक माह का नोटिस दिया गया है। जवाब नहीं मिलने पर मुकदमा किया गया।

रोहतक में सबसे अधिक पांच सैंपल फेल

रोहतक में सबसे अधिक पांच सैंपल फेल मिले। एक मामले में 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया, जबकि दो मामले कोर्ट में हैं। भिवानी में 10 में से तीन और फतेहाबाद में सात में से दो सैंपल फेल हुए। वहीं कुरुक्षेत्र में पनीर के आठ सैंपलों में दो पास और दो फेल मिले, जबकि चार की रिपोर्ट लंबित है। दो मामले कोर्ट में है।

यमुनानगर में इस साल खाद्य पदार्थों के 22 सैंपल लिए गए, जिनमें आठ पनीर के हैं। सभी की रिपोर्ट लंबित है। इससे पहले दो कार्रवाइयों में 21 क्विंटल पनीर नष्ट करने की जानकारी दी गई थी। अब शनिवार को 20 क्विंटल पनीर नष्ट किया गया।

सिरसा में वर्ष 2025-26 के दौरान लिए गए 90 खाद्य सैंपलों में 34 सबस्टैंडर्ड और तीन अनसेफ मिले। एडीसी कोर्ट ने कुल 5.43 लाख रुपये जुर्माना लगाया। पिछले सप्ताह डेयरियों से दूध के 14 सैंपल लिए गए। कुट्टू के आटे और अखरोट के सैंपल भी लिए गए है। दूसरे राज्यों और जिलों से पनीर आता है। नवरात्र में पनीर की सैंपलिंग नहीं हुई।