दुष्कर्म का आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
थाना बूड़िया से फरार हुए दुष्कर्म के आरोपित बब्बू को पुलिस 48 घंटे के बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर: थाना बूड़िया से फरार हुए दुष्कर्म के आरोपित बब्बू को पुलिस 48 घंटे के बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने टीमें बनाई हैं जो विभिन्न जगहों पर छापामारी कर रही है। परंतु अभी तक उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया है। कयास यह भी लगाया जा रहा है कि आरोपित पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में जाकर छिप गया है। वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मी राकेश के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। पुलिस दावा कर रही है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की जांच में ये भी सामने आया है कि बब्बू को हत्या के मामले में सजा हुई थी। करीब आठ साल की सजा काटने के बाद वह अब जमानत पर बाहर आया था।
एसपी ने मामले में कार्रवाई करते हुए थाना बूड़िया के एसएचओ रामकुमार को लाइन हाजिर कर दिया था। जिसके बाद थाना बिलासपुर से ट्रांसफर सुनील कुमार को बूड़िया थाना का नया एसएचओ लगाया गया है। उन्होंने शनिवार को थाने का कार्यभार संभाल लिया। सुनील कुमार ने बताया कि फरार आरोपी बब्बू की तलाश में टीमें लगी है। शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया था। यह है मामला
बूड़िया निवासी किशोरी ने थाना बूड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। तभी बब्बू घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने उसे धमकी दी थी कि यदि इस बारे में उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। वह शुक्रवार सुबह थाने से शौच जाने की बात कहकर फरार हो गया था।