बनने से पहले ही कचरा कलेक्शन सेंटर का विरोध, मेयर से मिले क्षेत्रवासी
नगर निगम एरिया के गधौली गांव में 13 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बनने वाले कचरा कलेक्शन सेंटर के विरोध में क्षेत्रवासी मेयर मदन चौहान ने मिले।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम एरिया के गधौली गांव में 13 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बनने वाले कचरा कलेक्शन सेंटर के विरोध में क्षेत्रवासी मेयर मदन चौहान ने मिले। ग्रामीणों का कहना है कि यह रिहायशी क्षेत्र है। यहां कलेक्शन सेंटर बनने से गंदगी बढ़ेगी। वे किसी भी सूरत में कचरा कलेक्शन सेंटर नहीं बनने देंगे।
गधौली निवासी सतेंद्र राणा, महेश कुमार, सुरेंद्र व भाजपा नेता मंदीप कंदेला ने कहा कि स्टेडियम के पास कचरा कलेक्शन सेंटर बनाया जा रहा है। ऐसा किए जाने से क्षेत्र के लोगों की समस्याएं बढ़ जाएंगे। यहां से कचरा समय पर नहीं उठाया जाएगा। क्षेत्र में बदबू का माहौल होगा। यदि नगर निगम प्रशासन को कचरा कलेक्शन सेंटर बनाना ही है तो ऐसे स्थान पर बनवाया जाए जहां आसपास आबादी न हो। क्षेत्र में पहले ही सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। उन्होंने मांग की है कि यहां कचरा कलेक्शन सेंटर न बनाया जाए। यदि जबरदस्ती ऐसा किया गया तो ग्रामीण इसका विरोध करेंगे। इनसेट
यह है नगर निगम की योजना
नगर निगम की ओर से दो कचरा कलेक्शन बनाए जा रहे हैं। रेलवे बाइपास चांदपुर के पास बनाए जाने वाले कलेक्शन सेंटर पर 29 लाख 31 हजार रुपये व गधौली में बनाए जाने वाले कलेक्शन सेंटर पर 13 लाख 60 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम की ओर से दोनों सेंटर के लिए टेंडर निकाले है। 12 दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे। यहां पर दोपहर तक शहर से निकलने वाले कचरे को ढोने वाले वाहन से एकत्रित किया जाएगा। शाम के समय या रात को दूसरे वाहनों से इसको कचरा निस्तारण प्लांट में पहुंचाया जाएगा। इनसेट
मेयर मदन चौहान का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कचरा कलेक्शन सेंटर बनाए जा रहे हैं। यहां दोपहर तक कचरा डाला जाएगा, शाम को उठ जाएगा। यहां से कूड़े को छांटकर अलग अलग किया जाएगा, न कि ढेर लगाकर छोड़ दिए जाएंगे। कूड़ा कलेक्शन सेंटर बनने से शहर से निकलने वाले कूड़े का उठान तीव्र गति से होगा।