जगाधरी में छुट्टियों के बाद खुली लक्कड़ मंडी, यमुनानगर की खुलेगी कल से
दीपावली की छुट्टियों के एक सप्ताह के बाद जगाधरी की लक्कड़ मंडी खुल गई। हालांकि मंडी में ट्रॉलियां कम ही आई। उधर, यमुनानगर की लक्कड़ मंडी नहीं खुल सकी।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : दीपावली की छुट्टियों के एक सप्ताह के बाद जगाधरी की लक्कड़ मंडी खुल गई। हालांकि मंडी में ट्रॉलियां कम ही आई। उधर, यमुनानगर की लक्कड़ मंडी नहीं खुल सकी। सफेदा पॉपुलर आढ़ती संगठन की 13 नवंबर तक की छुट्टी के आहवान के चलते मंडी नहीं चली। पहली बार एक सप्ताह से अधिक तक हड़ताल लक्कड़ मंडी की रही।
हर वर्ष दीपावली की छुट्टियों में लक्कड़ मंडी बंद की जाती है। इस बार भी जगाधरी व यमुनानगर की लक्कड़ मंडी एसोसिएशनों के बीच अलग-अलग मत रहे। जगाधरी की लक्कड़ मंडी एसोसिएशन ने 11 नवंबर तक छुट्टियां रखी। जबकि यमुनानगर की लक्कड़ मंडी एसोसिएशन ने 13 नवंबर तक छुट्टियां रखने का एलान किया था। लक्कड़ आढ़तियों की इस हड़ताल से प्लाइवुड व्यापारियों ने भी विरोध जताया। उनका तर्क था कि इतनी लंबी छुट्टियों में मजदूर अपने घरों को चले जाते हैं। जिससे वह काम पर समय से नहीं लौट पाते। इससे व्यापार पर असर पड़ता है। प्रशासन ने भी बीच बचाव करते हुए छुट्टियां 11 नवंबर तक किए जाने की कोशिश की, लेकिन यमुनानगर के आढ़ती अड़े रहे और उन्होंने छुट्टियां दस दिन तक करने का एलान कर दिया।
सोमवार से खुली मंडी, नाममात्र की ट्रॉलियां पहुंची
जगाधरी लक्कड़ मंडी एसोसिएशन के प्रधान प्रमोद ने बताया कि सोमवार से मंडी खुल गई है। पहले दिन 150 के लगभग ट्रॉलियां पहुंची। एक सप्ताह के लिए छुट्टियां रखी गई थी। यमुनानगर की एसोसिएशन अलग है।
इस बार सफल रहा छुट्टियों का आहवान
सफेदा पॉपुलर आढ़तियां संगठन के अशोक गुर्जर ने बताया कि इस बार संगठन ने एकता दिखाई। जिस वजह से छुट्टियों का निर्णय पूरी तरह से सफल रहा। 10 दिनों तक की छुट्टियां की गई थी। प्रशासन ने दबाव बनाया, लेकिन संगठन ने एकता दिखाई और वह अपनी बात पर कायम रहे। अब 13 नवंबर के बाद ही मंडी खुलेगी।