विकास परियोजनाओं को प्रमुखता से पूरा करवाएं अधिकारी : मुकुल कुमार
डीसी मुकुल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाएं। कार्यो में अनावश्यक देरी व निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में खामियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : डीसी मुकुल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाएं। कार्यो में अनावश्यक देरी व निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में खामियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। शुक्रवार को डीसी जिला सचिवालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन के प्रत्येक मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जन्म से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिगांनुपात में यमुनानगर में 1000 लड़कों के पीछे 936 लड़कियों का जन्म दर्ज किया गया है। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा छात्राओं के लिए घोषित की गई सुरक्षित वाहन योजना के तहत राजकीय महाविद्यालय छछरौली और बिलासपुर के लिए 4 बसें शुरू की गई है। यह बसें केवल छात्राओं के लिए होंगी और उन्हें निशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने शिक्षा, ग्रामीण विकास, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, बाल सरंक्षण, कानून व्यवस्था, समाज कल्याण व अन्य सभी विभागों के कार्यो की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी विभागीय लक्ष्य 31 मार्च से पहले हर हाल में पूरा करें। मौके पर निगम आयुक्त श्याम लाल पूनिया, अतिरिक्त उपायुक्त केके भादू, एसडीएम पूजा चांवरिया, एसडीएम नवीन आहूजा, सीटीएम जगदीश चंद्र सहित व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।