टीएमएस पोर्टल पर अंगूठे का निशान नहीं तो आयुष्मान योजना का मरीजों को नहीं मिलेगा लाभ
सोनीपत में आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब नई व्यवस्था की गई है। मरीजों के अंगूठे का निशान अब टीएमएस पोर्टल पर दर्ज होगा। इससे अब मरीज को अब अंगूठा लगाने के बाद ही इलाज मिल सकेगा। यदि मरीज इमरजेंसी में आया है तब भी यह अंगूठा लगाना होगा। इस नई व्यवस्था के तहत ही मरीजों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
सोनीपत में आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब नई व्यवस्था की गई है। मरीजों के अंगूठे का निशान अब टीएमएस पोर्टल पर दर्ज होगा। इससे अब मरीज को अब अंगूठा लगाने के बाद ही इलाज मिल सकेगा। यदि मरीज इमरजेंसी में आया है, तब भी यह अंगूठा लगाना होगा। इस नई व्यवस्था के तहत ही मरीजों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
आयुष्मान योजना 23 अगस्त से शुरू की गई थी। इसके तहत 93 हजार परिवारों को पात्रता की सूची में शामिल किया गया। करीब डेढ़ लाख गोल्डन कार्ड स्वास्थ्य विभाग बना चुका है। करीब चार मरीजों को इस योजना के तहत लाभ भी मिल चुका है। आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब इसमें 350 बीमारियों को शामिल किया गया है। इनका इलाज भी निजी अस्पतालों में हो सकेगा।
मिलीभगत कर सरकार को चूना लगाने की आशंका
सोनीपत में आयुष्मान योजना के तहत कुछ फर्जी लोगों ने लाभ ले लिया। इसके बाद ही अब यह व्यवस्था बदली गई है। पहले यदि कोई मरीज आयुष्मान के तहत अपना कार्ड दिखाता था, तो उसके आधार पर ही उसका व उसके परिवार के लोगों का इलाज हो जाता था। इसमें ही फर्जीवाड़ा होने की आशंका बनी हुई है। हालांकि यमुनानगर जिले में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।
----------
आयुष्मान योजना के डीआइएम संदीप शर्मा ने बताया कि अब टीएमएस पोर्टल बनाया गया है। इस पर आयुष्मान योजना में शामिल पात्रों के अंगूठे का निशान लगाया जाएगा। जब भी मरीज इलाज करवाने के लिए जाएगा तो पहले उसका अंगूठा स्कैन होगा। यदि निशान सही है तो ही उसे योजना के तहत इलाज मिलेगा।