हरियाणा के साढ़ौरा से त्रिलोकपुर तक 20 किमी दौड़े नायब सिंह, सिर्फ डेढ़ घंटे में पूरी की दौड़
कोच नायब सिंह ने साढ़ौरा से त्रिलोकपुर तक 20 किलोमीटर की दौड़ लगाई, जिसे उन्होंने आपसी भाईचारे को समर्पित किया। उन्होंने इस दौड़ के माध्यम से लोगों को धर्म, जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया।

दौड़ लगाते युवक। सांकेतिक फोटो
HighLights
नायब सिंह ने साढ़ौरा से त्रिलोकपुर तक 20 किमी दौड़ लगाई।
यह दौड़ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को समर्पित की गई।
उन्होंने लोगों से धर्म-जाति से ऊपर उठकर रहने की अपील की।
जागरण संवाददाता, साढ़ौरा (यमुनानगर)। कोच एवं एनएस रनिंग अकादमी के संचालक नायब सिंह ने साढ़ौरा खेल स्टेडियम से माता बाला सुंदरी मंदिर, त्रिलोकपुर तक 20 किलोमीटर की दौड़ लगाई। उन्होंने यह दूरी एक घंटे 35 मिनट में पूरी की। नायब सिंह ने अपनी दौड़ क्षेत्र के आपसी भाईचारे को समर्पित की। नायब ने बताया कि वह समय-समय पर सामाजिक थीम पर लंबी दौड़ लगाते हैं।
इस बार दौड़ के माध्यम से उन्होंने भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से धर्म, जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मिल-जुलकर रहने की अपील की। उनका कहना है कि समाज में आपसी भाईचारा मजबूत होगा तो देश और समाज दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की करेगा।

हरियाणा के नायब सिंह ने पूरी की दौड़। फोटो जागरण
समाजसेवी धर्मपाल सैनी और कुलविंदर सिंह चड्ढा ने कहा कि नायब सिंह खेल मैदान में खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार कर रहे हैं। मैदान के बाहर भी वह सामाजिक एकता के लिए काम कर रहे हैं।