मुथुट कंपनी के आरओ ने रची थी लूट की साजिश, अपने गांव के दो लड़कों के साथ मिलकर बनाई थी योजना
मुथुट फाइनेंस कंपनी के रिलेशनशिप ऑफिसर मोहित से लूट की वारदात का खुलासा हो गया है। वारदात को उसके ही साथी संदीप कुमार ने अंजाम दिया था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की। सीआइए टू ने इस मामले को सुलझाया है। 16 अक्टूबर को मुथुट कंपनी के आरओ मोहित से गांव काठवाला के पास लूट हुई थी। बदमाश उससे एक लाख 24 हजार रुपये लूटकर ले गए थे।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
मुथुट फाइनेंस कंपनी के रिलेशनशिप ऑफिसर मोहित से लूट की वारदात का खुलासा हो गया है। वारदात को उसके ही साथी संदीप कुमार ने अंजाम दिया था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की। सीआइए टू ने इस मामले को सुलझाया है। 16 अक्टूबर को मुथुट कंपनी के आरओ मोहित से गांव काठवाला के पास लूट हुई थी। बदमाश उससे एक लाख 24 हजार रुपये लूटकर ले गए थे। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। अब इस वारदात का खुलासा हो गया है। सीआइए टू के इंचार्ज जयभगवान ने बताया कि लूटपाट की वारदात कंपनी के दूसरे आरओ संदीप कुमार निवासी उमाही कलां जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश ने की है। उसने इस घटना में अपने गांव के ही राजबीर उर्फ राजू व दीपक को शामिल किया। मुखबिर की सूचना पर इन आरोपितों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से अपाचे बाइक भी बरामद हुई है। यह बाइक भी आरोपितों ने 30 अगस्त 2017 को जगाधरी बस स्टैंड के पास से चोरी की थी। बाइक मालिक अनुराग निवासी हमीदा ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी।
इस तरह से की वारदात
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किया गया संदीप व मोहित दोनों ही कंपनी में रिलेशनशिप ऑफिसर लगे हुए हैं। 16 अक्टूबर को ये दोनों अलग अलग बाइक से ग्रामीण एरिया से लोन की किश्त लेकर आ रहे थे। मोहित को शक हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है। इस पर उसने यह बात अपने साथी आरओ संदीप को बताई। काठवाला अड्डे पर उसने अपना कैश भी मोहित को दे दिया और खुद बाइक से पीछा कर रहे लड़कों को ढूंढने चल पड़ा। संदीप की योजना के मुताबिक उसके गांव के राजबीर व दीपक घटना को अंजाम देने के लिए तैयार थे। संदीप ने उन्हें जगह बताई और इधर मोहित को आकर कह दिया कि डरने की कोई बात नहीं है। इसी दौरान राजबीर व दीपक ने घटना को अंजाम दे दिया और मोहित से मोबाइल व एक लाख 24 हजार छीन लिए। बाद में संदीप दोनों आरोपितों को शाहजहांपुर बॉर्डर उत्तर प्रदेश तक छोड़कर आया था। इसके बाद उसने अपने ब्रांच मैनेजर को फोन कर बताया कि डिस्कवर पर सवार युवक उसका भी पीछा कर रहे हैं। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।