यमुनानगर में जमीन से कब्जा हटवाने पहुंची नगरपालिका टीम पर हमला, कर्मचारियों के कपड़े भी फाड़े; सचिव-पटवारी समेत 3 घायल
सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने गई साढौरा नगरपालिका टीम पर हमला हुआ, जिसमें सचिव नितिन वत्स, पटवारी रुस्तम अली और एक अन्य कर्मचारी घायल हो गए।
-1794537537713_m.webp)
अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे कर्मचारी। जागरण
HighLights
सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई टीम पर हमला
नगरपालिका सचिव, पटवारी समेत तीन कर्मचारी हुए घायल
कर्मचारियों ने आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की
संवाद सहयोगी, साढौरा। सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे नगरपालिका सचिव समेत कर्मचारियों पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि कब्जाधारकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन पर ईंट-पत्थर फेंके।
हमले में सचिव नितिन वत्स, पटवारी रुस्तम अली और एक अन्य कर्मचारी घायल हो गए। घटना के विरोध में नगरपालिका कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सचिव और पटवारी समेत तीन घायल
सचिव नितिन वत्स ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने की सूचना मिलने पर वह पटवारी रुस्तम अली, विक्रम और अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। टीम ने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया तो साढौरा निवासी राममूर्ति और उसके स्वजन के साथ कहासुनी हो गई।
-1794537600581.webp)
पहले नोटिस के बावजूद शुरू किया निर्माण
सचिव के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को सरकारी जमीन पर कब्जा करने से रोकने के लिए पहले नोटिस जारी किया गया था। इस मामले में एफआइआर दर्ज करने के लिए पुलिस को शिकायत भी दी गई थी।
इसके बावजूद छुट्टियों का फायदा उठाकर जमीन पर नींव भरने और निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इसकी सूचना मिलने पर नगरपालिका की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी।
सात नवंबर को दिया था लिखित आश्वासन: एसएचओ
थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि नगरपालिका की शिकायत पर सात नवंबर को संबंधित लोगों को थाने बुलाया गया था। उन्होंने लिखित आश्वासन दिया था कि आगे निर्माण नहीं करेंगे।
एसएचओ के अनुसार, वीरवार को नगरपालिका कर्मचारियों ने पुलिस से सुरक्षा मांगे बिना अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू की। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।