यमुनानगर में अन्नकूट पर्व पर 400 से अधिक भंडारे, लाखों श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद
यमुनानगर में अन्नकूट पर्व पर 400 से अधिक भंडारे आयोजित हुए, जिनमें मंदिरों और सामाजिक संस्थाओं ने सामूहिक सेवा का प्रदर्शन किया।

अन्नकूट पर्व पर 400 से अधिक भंडारे। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। अन्नकूट पर्व पर जिलेभर में आस्था के साथ सामूहिक सेवा का रंग दिखाई दिया। मंदिरों, धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं संगठनों, मोहल्ला समितियों व गांव स्तर पर 400 भंडारे लगाए गए। इनमें 275 मंदिरों व 125 अन्य संस्थाओं व समितियों के आयोजन शामिल रहे। अधिकांश स्थानों पर कढ़ी-चावल के साथ पूरी-कद्दू, आलू-गोभी, पूरी-छोले, रायता व रोटी भी परोसी गई।
यमुनानगर शहर के महाराजा अग्रसेन चौक के समीप स्थित श्रीमूर्ति देवी मंदिर, जगाधरी के श्रीदेवी भवन मंदिर व रेलवे रोड स्थित श्रीगीता भवन मंदिर, छोटी लाइन स्थित जंगलावाले माता जी के मंदिर समीप पार्क, जयसिटी के श्रीखेड़ा एवं शिव मंदिर से लेकर शहर व गांवों के खेड़ा सहित अन्य मंदिरों में अन्नकूट भंडारे लगाए गए। इनमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
बाजारों व सामाजिक संगठनों की ओर से भी जगह-जगह भंडारे हुए। श्रीमूर्ति देवी मंदिर के मैनेजर देवेंद्र व श्रीदेवी भवन मंदिर के सेवक अभिनव मोदगिल के अनुसार दोनों मंदिरों के भंडारे में 400 से 500 श्रद्धालुओं में कढ़ी चावल का वितरित किए।
इसमें दोनों जगह 35 से 40 किलो चावल, 12-15 किलो बेसन, 35–45 किलो दही-लस्सी, 5-7 किलो तेल-घी, 2-3 किलो मसाले, 2-3 किलो नमक, 8-12 किलो प्याज, कढ़ी पकौड़ी के लिए अतिरिक्त बेसन 3-5 किलो, 25-40 किलो लकड़ी ईंधन के रूप में लगे।
टनों में खपा राशन
अनुमान है कि भंडारों में 8 से 12 टन चावल, 3 से 5 टन आटा, 2 से 3 टन बेसन, 1.5 से 2.5 टन दही व लस्सी इस्तेमाल हुआ। पूरी-आलू-गोभी के लिए 3 से 5 टन आलू-गोभी, पूरी-छोले के लिए 1.5 से 2.5 टन छोले, कद्दू पूरी के लिए डेढ़ टन कद्दू खपने का अनुमान है। रायते में करीब 1 से 1.5 टन दही व भोजन बनाने में 1 से 1.5 टन तेल-घी इस्तेमाल हुआ।
चूल्हों से लेकर गैस बर्नर तक
भोजन तैयार करने में 30 से 45 टन लकड़ी व 2500 किलो एलपीजी की खपत का अनुमान है। ग्रामीण क्षेत्रों में लकड़ी के बड़े चूल्हों पर भगोने चढ़े तो शहरों में एलपीजी बर्नर पर कढ़ी-चावल व सब्जियां तैयार हुईं।
अन्नकूट पर कहीं कढ़ी-चावल मुख्य प्रसाद रहा तो कहीं पूरी-आलू-गोभी, पूरी-छोले, रायता व रोटी की थाली सजी। मंदिरों के साथ सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों व मोहल्ला समितियों की भागीदारी ने आयोजन को व्यापक रूप दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।