भाई को एडमिशन दिलाने के बहाने ले गया महिला को साथ, साथियों संग मिल किया सामूहिक दुष्कर्म
भाई को एडमिशन दिलाने के बहाने व्यक्ति महिला को साथ ले गया और फिर दोस्तों के साथ मिलकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
जेएनएन, यमुनानगर। महिला अपने भाई केे एडमिशन को लेकर परेशान थी। एक जान पहचान के व्यक्ति ने उसे कहा कि वह उसके भाई को आश्रम में दाखिला दिला देगा। इस पर महिला उसके साथ चली गई। व्यक्ति उसे आश्रम में ले जाने के बजाय लाडवा रोड स्थित एक फार्म में ले गया और वहां उससे पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है।
महिला के मुताबिक उसकी शादी प्रतापनगर एरिया के गांव में हुई है। उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि मां बीमार है। घर में उसका छोटा भाई अकेला रहता है, इसलिए वह उसका बालकुंज में दाखिला कराना चाहती थी। गत दिवस वह राजपाल नामक व्यक्ति के साथ वहां गई।
राजपाल ने कहा कि यदि यहां पर दाखिला नहीं हुआ, तो एक आश्रम में उसके भाई का दाखिल करा देगा। महिला का आरोप है कि राजपाल उसे अपने साथ लाडवा रोड पर एक फार्म में लेकर गया। वहां चार व्यक्ति पहले से मौजूद थे। वे कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे। उन्हें भी कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दिया गया।
महिला के मुताबिक इसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोपितों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में नशे की हालत में उसे यमुनानगर बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए। महिला ने अपने परिजनों को इस बारे में बताया, तो वे वहां पहुंचे और उसे महिला थानेे में लेकर गए।
थाना प्रभारी सीमा रानी ने बताया कि महिला ने शिकायत की है। केस दर्ज किया जाएगा। यदि घटनास्थल दूसरे जिले का है, तो जीरो एफआइआर की जाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें