मेयर ने लिया विकास कार्यों का जायजा
आम लोगों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए हमारी सरकार हर क्षेत्र में जेनेरिक दवाई केंद्र खोलने का काम कर रही है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : मेयर मदन चौहान ने वार्ड नंबर 21 व 22 में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बैंक कालोनी में चल रहे गली के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद मेयर ने शिवपुरी कालोनी में गलियों का निरीक्षण भी किया।
चौहान ने कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहे कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। इसके अलावा बैंक कालोनी व शिवपुरी कालोनी में पार्षद सविता कांबोज व अभिषेक मोदगिल की ओर से प्रस्तावित नई गलियों के निर्माण के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार करें। ताकि शीघ्र वहां भी काम लग सके। मेयर ने कहा कि हर वार्ड में विकास कार्य चल रहे हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि सभी कार्य समय पर पूरे हो जाएं।