धनतेरस के लिए तैयार बाजार, करोड़ों के व्यापार की उम्मीद
धनतेरस पर सोना-चांदी और धार्मिक सामग्री की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसके अलावा बर्तन वाहन समेत विभिन्न सामान खरीदने की परंपरा है। इससे शहर के बाजार गुलजार हो गए हैं। दुकानदारों ने इसके लिए विशेष तैयारी की है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : धनतेरस पर सोना-चांदी और धार्मिक सामग्री की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसके अलावा बर्तन, वाहन समेत विभिन्न सामान खरीदने की परंपरा है। इससे शहर के बाजार गुलजार हो गए हैं। दुकानदारों ने इसके लिए विशेष तैयारी की है। दुकानों पर स्टॉक भी बढ़ाया गया है। दुकानों के बाहर सड़क तक बाजारों को सजाया गया है। दीपावली और धनतेरस पर जिले में करोड़ों का कारोबार होने की उम्मीद व्यापारी जता रहे हैं। इसे लेकर बाजार ग्राहकों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार दिख रहा है। शहर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने के साथ ही झालरों की छोटी-छोटी दुकानों से लेकर सोने चांदी, टीवी फ्रिज, वाहनों और गिफ्ट बाजार सजे हुए है।
सोने-चांदी के सिक्कों की बहार
धनतेरस के मौके पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है, इसीलिए सर्राफा बाजार पूरी तरह से तैयार दिख रहा है। इसके लिए सोने चांदी के सिक्के नए-नए डिजाइन में बाजार में आ चुके हैं। डालर की शक्ल में चांदी के नोट की काफी डिमांड है। इसकी कीमत तीन सौ रुपये से लेकर तीन हजार रुपये तक हैं। तीन हजार रुपये तक बताई गई है। इसके अलावा चांदी के बर्तन, लक्ष्मी-गणेश के चांदी के सिक्के भी खूब दिख रहे हैं। भगवान लक्ष्मी गणेश की मूर्ति भी लोग पसंद करने आ रहे हैं।
खूब चमकेगा बर्तन बाजार
धनतेरस पर बर्तनों की भी खूब खरीदारी की जाती है। मध्यमवर्गीय वर्ग बर्तनों की खरीदारी जमकर करता है। टिफिन बॉक्स, गिलास, कटोरी, चम्मच-कांटा, थाली सेट आदि आइटम बाजार में उपलब्ध हैं। बर्तन की खरीदारी के मद्देनजर शहर के बाजारों में दर्जनों दुकानों पर स्टील, पीतल, तांबा आदि के बर्तन चमक रहे है।
मिठाई और ड्राई फ्रूट की सजी दुकानें
धनतेरस और दीपावली पर मिठाई की खास खरीदारी की जाती है। इस दिन लोग एक दूसरे को मिठाई खिलाकर त्योहार मनाते है। शहर में इन दिनों की मिठाइयों की दुकानों की बहार काजू, किशमिश, बादाम आदि ड्राई फ्रूटों की खास पैकिग के डिब्बे भी बाजार में उपलब्ध है। इसके साथ ही गजक, सोन पापड़ी आदि सजाई गई।
आज कल यहां है चहल पहल
आटोमोबाइल्स और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार की धमक फ्रिज, एलईडी टीवी, बाइक, चार पहिया वाहन के शोरूम पर भी आजकल खूब चहल-पहल है। खरीदारी के लिए लोग वाहनों के मॉडल और डिजाइन, माइलेज समेत विभिन्न खूबियों की जांच पड़ताल पहले ही कर रहे है, ताकि शुभ मौके पर खरीदारी कर सके। बाजार में इलेक्ट्रोनिक्स आइटम भी अलग-अलग खूबियों से सजे हैं।
मोबाइल और लैपटॉप के शोरूम भी तैयार
दीपावली और धनतेरस पर नए मोबाइल व लैपटॉप भी खूब बिक्री होते है। इससे बड़ी कंपनियों के शोरूम भी खूब तैयार है। मोबाइल बाजार में शहर की दुकानों पर अलग-अलग माडल के मोबाइल हैंडसेट खूब दिख रहे हैं। दीपावली के मद्देनजर मोबाइल और लैपटाप पर ऑफर भी दिए जा रहे है। मोबाइल विक्रेता जिम्मी ने बताया कि धनतेरस व दीपावली पर खरीदारी अच्छी होने की आस है। मोबाइल के काफी मॉडल, शानदार फीचर के साथ उपलब्ध हैं। लोग देखने आ रहे हैं। साथ ही ये भी कर रहे हैं कि शुभ मुहुर्त पर खरीदने के लिए आएंगे।