आस्था के आगे हारी थकान... 1800 फीट ऊंचे शिखर पर विराजी मां मंत्रा देवी के दरबार में लगी हाजिरी, श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह
तीर्थराज श्रीकपालमोचन मेले में श्रद्धालु दुर्गम रास्तों और सोम नदी पार कर 1800 फीट ऊंची मां मंत्रा देवी मंदिर पहुंच रहे हैं।
-1795427296274_m.webp)
तीर्थराज श्रीकपालमोचन मेले में जुड़े श्रद्धालु (जागरण फोटो)
HighLights
श्रद्धालु दुर्गम रास्तों से मां मंत्रा देवी मंदिर पहुंच रहे हैं।
टूटी सड़कें, सोम नदी पार करना बड़ी चुनौती है।
बुजुर्ग श्रद्धालु भी आस्था के साथ कठिन चढ़ाई कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता. यमुनानगर। तीर्थराज श्रीकपालमोचन मेले में उमड़ी आस्था केवल सरोवरों तक सीमित नहीं है। श्रद्धालु आसपास के धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए दुर्गम रास्तों व कठिन चढ़ाइयों को भी चुनौती दे रहे हैं।
कपालमोचन से 19 किलोमीटर दूर आदिबद्री में सरस्वती उद्गम स्थल, श्री आदिबद्री नारायण मंदिर व श्री केदारनाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद श्रद्धालु 1800 फीट ऊंची चोटी पर स्थित मां मंत्रा देवी मंदिर पहुंच रहे हैं।
यहां पहुंचने के लिए दुर्गम रास्ते और नदी पार करने की मुश्किलें भी उनके कदम नहीं रोक पा रहीं हैं। श्रीआदिबद्री में महाभारतकालीन शंख के दर्शन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं।
बस काठगढ़ तक, फिर शुरू होती पैदल यात्रा
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज की ओर से 20 बसें चलाई जा रही हैं। राजकीय स्कूल आहड़वाला के पास बनाए अस्थायी बस स्टैंड से बसें काठगढ़ गांव तक पहुंचा रही हैं।
इसके बाद मंदिर तक का सफर आटो या पैदल तय करना पड़ता है। श्रीआदिबद्री नारायण मंदिर से आगे सोम नदी पार कर मां मंत्रा देवी मंदिर तक जाने वाली राह कई जगह टूटी है।
आधा रास्ता पक्का है, पर सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। नदी के बीच रास्ता व रेलिंग नहीं होने से श्रद्धालुओं को संभलकर चलना पड़ रहा है। नदी के बीच अस्थायी रास्ता बनाया जाता तो श्रद्धालुओं की परेशानी कम हो सकती थी।
दर्द भरे कदम, पर मंजिल मां के दरबार की
पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव रमाना निवासी 70 वर्षीय गुरजंत कौर अपनी 64 वर्षीय बहन सतवंत कौर के साथ पहुंचीं। गुरजंत के पैरों में दर्द है और उन्हें चलने में भी परेशानी होती है।
दोनों बहनों ने रास्ते में कई बार विश्राम किया, पर चढ़ाई अधूरी नहीं छोड़ी। सुबह सात बजे निकलीं और 11 बजे मां मंत्रा देवी मंदिर पहुंचीं। गुरजंत ने बताया कि रास्ता कठिन था, पर मां के दर्शन की इच्छा ने कदम नहीं रुकने दिए। श्रद्धालुओं ने कहा कि रास्ते की मरम्मत व नदी पार करने की सुरक्षित व्यवस्था जरूरी है।
-------------------------------