शाही स्नान के साथ हरियाणा में 20 नवंबर से शुरू होगा कपालमोचन मेला, कई राज्यों के साधु-संत होंगे शामिल
यमुनानगर के व्यासपुर में कपालमोचन मेले का शुभारंभ 20 नवंबर को शाही स्नान के साथ होगा, जिसमें विभिन्न प्रदेशों के साधु-संत शामिल होंगे।

20 नवंबर से शुरू होगा कपालमोचन मेला। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, व्यासपुर (यमुनानगर)। षट दर्शन साधु समाज की ओर से 20 नवंबर को शाही स्नान के साथ कपालमोचन मेले में पंचभीखी स्नान की शुरुआत होगी। इसकी तैयारियों को लेकर पंजाबी कुटिया कपालमोचन में साधु समाज की बैठक हुई।
अध्यक्षता षट दर्शन साधु समाज कपालमोचन के पूर्व प्रधान महंत शोभा दास ने की। महंत शोभा दास ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी साधु-संतों के शाही स्नान के साथ मेले का शुभारंभ होगा। कपालमोचन मेले से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है।
कुंभ मेले में साधु-संतों के शाही स्नान से स्नान शुरू होने की परंपरा की तरह यहां भी 20 नवंबर को शोभायात्रा के साथ पंचभीखी स्नान आरंभ होगा। संतों के शाही स्नान से सरोवरों की महत्ता और बढ़ेगी। पंजाब और अन्य प्रदेशों से आए श्रद्धालु भी इसमें शामिल होंगे।
कपालमोचन मेले के लिए रवाना होगी शाही यात्रा
श्री खेड़ा मंदिर व्यासपुर में 19 नवंबर को श्रीरामायण पाठ शुरू होगा। 20 नवंबर को सुबह भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के बाद बैंड-बाजे और पवित्र ज्योति के साथ शाही यात्रा कपालमोचन मेले के लिए रवाना होगी।
यात्रा में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, जम्मू सहित विभिन्न प्रदेशों के संप्रदायों के साधु-संत शामिल होंगे। पहला स्नान कपालमोचन सरोवर, ऋणमोचन सरोवर और सूरजकुंड में होगा।
बैठक में महंत अमरपुरी, महंत बलजिंद्र दास, महंत कश्मीर गिरी, महंत कृष्ण दास, पंडित मनोज शर्मा वशिष्ठ, महंत मंगल गिरी, सुंदर गिरी, महंत अनंत मुनि, महंत बुधनाथ, महंत हरमेल सिंह और बालक दास सहित अनेक संत मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा
प्रदेश सरकार ने गुरुनानक देव प्रकाशोत्सव को राज्यस्तरीय कार्यक्रम के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी के तहत मेला प्रशासन विशेष तैयारियां कर रहा है। इस बार श्रद्धालुओं को पहली बार सिख गुरुओं के इतिहास पर आधारित आधुनिक प्रदर्शनी देखने का अवसर मिलेगा।
इसका उद्देश्य युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ना है। प्रदर्शनी प्रशासनिक खंड के सामने 10,000 स्क्वेयर फीट क्षेत्र में लगाई गई है। केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के मेले का उद्घाटन कर अवलोकन करने के बाद इसे श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।