कदंब पर बांधी सूत, बेरी से बेर तोड़ने की होड़...; जानिये यमुनानगर के कपालमोचन मेले में की परंपरा का महत्व
यमुनानगर के कपालमोचन मेले में श्रद्धालु कदंब और बेरी के वृक्षों पर सूत बांधकर विवाह व संतान सुख की मन्नतें मांगते हैं। मन्नत पूरी होने पर सूत खोलकर लड्डू बांटे जाते हैं और बेरी के बेर प्रसाद के रूप में घर ले जाए जाते हैं।

सूरजकुंड सरोवर किनारे कदंब के पेड़ पर सूत बांधकर मन्नत मांगते श्रद्धालु।
HighLights
विवाह व संतान सुख की कामना में कदंब व बेरी पर बांधते हैं सूत।
मन्नत पूरी होने पर सूत खोलकर लड्डू बांटने का है रिवाज।
मेले क्षेत्र में तुलसी के पौधों सहित बरगद व पीपल पर बांधे सूत।
राहुल शर्मा, यमुनानगर। कपालमोचन मेले में श्रद्धालुओं ने सरोवरों में स्नान व मंदिरों में माथा टेकने के साथ आस्था की पुरानी परंपराएं भी निभाईं। सूरजकुंड सरोवर किनारे कदंब व बेरी के वृक्षों पर सूत बांधकर विवाह व संतान सुख और परिवार की खुशहाली की मन्नत मांगी।
बेरी से बेर तोड़कर प्रसाद के रूप में घर ले जाने की भी होड़ रही। इसी तरह पूरे मेला क्षेत्र में तुलसी के पौधों सहित बरगद व पीपल के पेड़ों पर सूत बांधकर दीपदान किया गया।
कपालमोचन के मंदिर के पुजारी सुभाष शर्मा ने बताया कि मान्यता है कि सूरजकुंड किनारे स्थित कदंब का पेड़ महाभारत काल से जुड़ा है। आस्था के चलते विवाहिताएं संतान सुख व अविवाहित युवक-युवतियां शीघ्र विवाह की कामना लेकर पेड़ पर गांठ बांधते हैं। सरोवर के दूसरे छोर पर स्थित बेरी के पेड़ पर सूत बांधने के साथ बेर तोड़ने की परंपरा भी है। श्रद्धालु इन्हें प्रसाद मानकर घर ले जाते हैं।
क्विंटलों सूत से सज जाते पेड़
सूरजकुंड के आसपास सूत की 120 से अधिक दुकानें हैं। मेले में पेड़ों पर कई क्विंटल सूत बांधा जाता है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु सूत खोलकर लड्डू बांटते हैं। इससे लड्डुओं की भी खूब बिक्री हो जाती है। पंजाब के पटियाला से आए गुरप्रीत व लुधियाना की मनप्रीत कौर ने बताया कि सूत बांधना पारिवारिक परंपरा है। इस बार भी मेले में पहुंचकर बेरी व कदंब पेड़ पर सूत बांधा है।