विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कपालमोचन मेले की बदली तस्वीर, 5 दिन डेरा डालते थे श्रद्धालु, अब स्नान कर लौटने की जल्दी; बैलगाड़ी-तांगे की जगह दौड़ते ट्रक-टैंपो

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:36 PM (IST)

कपालमोचन मेले का स्वरूप 45 सालों में काफी बदल गया है, जहां पहले श्रद्धालु कई दिन रुकते थे, अब वे ...और पढ़ें

कपालमोचन सरोवर में शाही स्नान करते साधु। फोटो- जागरण आर्काइव

कपालमोचन सरोवर में शाही स्नान करते साधु। फोटो- जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मेले में श्रद्धालुओं के रुकने की अवधि घटी, अब तुरंत वापसी

  2. पारंपरिक बैलगाड़ी की जगह अब आधुनिक वाहन उपयोग होते हैं

  3. केंद्रीय मंत्री शेखावत और सीएम सैनी करेंगे मेले का उद्घाटन

पोपीन पंवार, यमुनानगर। कभी कपालमोचन मेले में पांच दिन तक टेंट लगते थे। श्रद्धालु परिवार सहित डेरा डालते, रोज सरोवरों में स्नान करते और धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद ही घर लौटते थे। अब मेले की तस्वीर बदल गई है।

श्रद्धालु आते हैं, सरोवर में डुबकी लगाते हैं, दर्शन करते हैं और लौट जाते हैं। बैलगाड़ी, तांगे व रेहड़ों की जगह अब ट्रक-टैंपो सहित कारों व मोटरसाइकिलों ने ले ली है। 45 साल में मेले का सफर, ठहराव व व्यवस्थाएं पूरी तरह बदल गई हैं, पर आस्था का आकर्षण बरकरार है।

दशकों से मेले को करीब से देखने वाले डॉ. सुभाष मोदगिल ने बताया कि पहले मेला आज की तरह दूर-दूर तक नहीं फैला था, पर श्रद्धालुओं का ठहराव पांच दिन का होता था।

बुजुर्ग टेंट लगाकर रहते और हर दिन स्नान करते थे। अब मेले में रुकने वालों से ज्यादा आने-जाने वालों की भीड़ दिखाई देती है। अब कई श्रद्धालु दिनों के बजाए कुछ घंटों में यहां से लौटने लगते हैं।

रेलवे स्टेशन से शुरू होता था कपालमोचन का सफर

पहले पंजाब सहित दूर-दराज के ज्यादातर श्रद्धालु बस के बजाए ट्रेन से पहुंचते थे, जो रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद छछरौली के रास्ते व्यासपुर होते हुए कपालमोचन मेले तक आते थे।

रेलवे स्टेशन से छछरौली व व्यासपुर और कपालमोचन मेले तक पहुंचने के लिए बैलगाड़ी, तांगे या रेहड़ों का सहारा था। अब श्रद्धालु अपने शहरों से ही मेले में ट्रकों व टैंपो पर पहुंचते हैं या बसों व ट्रेनों के सहारे यमुनानगर तक का सफर करते हैं फिर यहां से बसों व अन्य साधनाें के सहारे मेले तक आते हैं।कई श्रद्धालु अपने घरों से मेले तक सैकड़ों किलोमीटर तक का सफर कारों व बाइकों से तय करने लगे हैं।

स्थानीय लोगों के हाथ में रहती थी व्यवस्था की कमान

पहले मेले की व्यवस्था बीडीपीओ, तहसीलदार, थाना प्रभारी, पंचायत सदस्यों व स्थानीय निवासियों के सहयोग से चलती थी। डॉ. मोदगिल के पिता भी व्यवस्था संभालने वालों में शामिल रहते थे।

वह महलावाली के निवासी व गुरुद्वारा कमेटी से जुड़े थे। अब मेले की तैयारियों में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक भागीदारी रहती है।

पहले अफसर करते थे उद्घाटन, 2021 में टूटी रीत

पहले एसडीएम, तहसीलदार, डीसी व मंडलायुक्त ही मेले का शुभारंभ कर देते थे। वर्ष 1970 के बाद कोई मुख्यमंत्री यहां नहीं आया था। इस पर तरह तरह की भ्रांति जोड़ी जाने लगी थी, जिसे वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल मेले में पहुंचकर तोड़ने का काम किया। अब केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मेले का उद्घाटन करेंगे।

उनके साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी समारोह में मौजूद रहेंगे। डा. मोदगिल ने कहा कि मेले का रंग-ढंग व इंतजाम भले बदल गए हों, पर यहां का शांतिपूर्ण माहौल व भाईचारा आज भी कायम है। उनके अनुसार मेले के इतिहास में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।