मामला शहर थाने का, कमलदीप और उसके दोस्तों को ले गई थी फर्कपुर थाना पुलिस
कोई भी हादसा व घटना होने पर पुलिस राहत देने के बजाए सबसे पहले अपनी सीमा देखती है। कानून की किताबें खोल कर दुहाई देने लग जाती है। एडि़यां रगड़ने पर भी पुलिस का दिल नहीं पसीजता।
मामला शहर थाने का, कमलदीप और उसके दोस्तों को ले गई थी फर्कपुर थाना पुलिस
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : कोई भी हादसा व घटना होने पर पुलिस राहत देने के बजाए सबसे पहले अपनी सीमा देखती है। कानून की किताबें खोल कर दुहाई देने लग जाती है। एडि़यां रगड़ने पर भी पुलिस का दिल नहीं पसीजता। लेकिन पोल्ट्री फार्म संचालक कमलदीप द्वारा आग लगाने के मामले में पुलिस ने सीमा विवाद की दीवार गिरा दी। सिटी यमुनानगर थाने का मामला होने पर भी कमलदीप और उसके दोस्तों को फर्कपुर पुलिस उठाकर लेकर गई। महिला ने शिकायत भी फर्कपुर थाने में दी, जबकि विजय कॉलोनी के कमलदीप व उसके दोस्त जितेंद्र का कहना है कि उनका थाना एरिया शहर यमुनानगर पड़ता है। महिला व उसके जेठ से फर्कपुर पुलिस मिली हुई है। जिसकी वजह से ही फर्कपुर थाने की पुलिस उन्हें लेकर गई। महिला भी विजय कॉलोनी की ही है। घर भी दोनों के पास ही है। हालांकि महिला की ओर से पुलिस को दी शिकायत में पता शिवपुरी का लिखवाया गया है। इसमें भी अभी पुलिस उलझी हुई है।
फर्कपुर थाना प्रभारी यशपाल नेहरा का कहना है कि 24 सितंबर को महिला की शिकायत आई थी। इसके बाद वह आरोपितों को लेकर आए। दोनों पक्षों के लोग पहुंचे। उन लोगों ने आपस में बात की और लिखित में समय लेकर गए। अब बेवजह इस केस में उनका नाम लिया जा रहा है। जहां तक थाना क्षेत्री की बात है, तो महिला ने अपने बयानों में भी कहा है कि आरोपित उसे धमकी देते थे कि शहर थाना एरिया में उनकी जान पहचान है। इसलिए वह फर्कपुर थाने में शिकायत लेकर आई। शिवपुरी हमारे एरिया में पड़ता है। यह है पूरा मामला
26 सितंबर को विजय कॉलोनी के कमलदीप ने तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली थी। झुलसी अवस्था में उसे पीजीआइ रेफर कर दिया गया था। इसी दिन शाम को उसकी कॉलोनी की ही महिला की शिकायत पर पुलिस ने कमलदीप, उसके बेटे उदय सिंह, दोस्त जितेंद्र व डिपल पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी व साजिश रचने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। कमलदीप के भी मजिस्ट्रेट ने बयान लिए। उसके आधार पर महिला, उसके जेठ, व उसका बेटा, फूफा, थाना प्रभारी फर्कपुर, एक महिला पुलिसकर्मी व चार अन्य पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हुआ है। पांच साल से महिला से जान पहचान
महिला व कमलदीप की पांच साल से जान पहचान है। महिला के नाम चंडीगढ़ में जमीन थी। उस जमीन को बेचा था। दोनों के बीच संबंध भी रहे हैं। इसका आसपास के लोगों को भी पता है। हालांकि बीच में मनमुटाव हुआ, तो करीब दो साल पहले उनके बीच समझौता हो गया था। जिसमें दोनों ने एक दूसरे संपर्क खत्म कर लिया था। एसपी ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग को लिखा
इस मामले में फर्कपुर थाना प्रभारी व कई अन्य पुलिसकर्मियों का नाम आने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। फिलहाल आचार संहिता लागू होने की वजह से इन पुलिसकर्मियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हो सकी, लेकिन चुनाव आयोग को एसपी की ओर से इस बारे में लिखा गया है। वहां से आदेश मिलते ही फर्कपुर थाना प्रभारी समेत सभी आरोपित पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी। एसआइटी के सामने दर्ज होंगे बयान
डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में एसआइटी गठित की गई है, जो इस पूरे केस की जांच करेगी। डीएसपी का कहना है कि इस केस में आरोपित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। महिला से भी पूछताछ होगी, जो भी इसमें दोषी होगा। उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।