चोरी के शक में पीटकर मारा गया युवक कैथल का,घर से गया था कांवड़ लेने
दामला गांव में प्लाईवुड फैक्टरी के क्वार्टरों में चोरी के शक में पीटकर मारे गए युवक की पहचान कैथल के गांव सारण निवासी संदीप के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
दामला गांव में प्लाईवुड फैक्टरी के क्वार्टरों में चोरी के शक में पीटकर मारे गए युवक की पहचान कैथल के गांव सारण निवासी संदीप के रूप में हुई है। अब तक पुलिस की जांच में सामने आया कि वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेने के लिए गया था। वह दामला क्टवार्टरों में कैसे पहुंचा। इसका पता लगाने में जांच टीम लगी है। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि युवक की पहचान हो गई। उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। अभी तक वह नहीं आए हैं। जिन साथियों के साथ संदीप कांवड़ लेने गया था। उन्हें भी शामिल तफ्तीश किया जाएगा। फिलहाल दो नामजद व कुछ अन्य पर केस दर्ज किया गया है।
इनसेट :
हमारे परिवार से हैं संदीप : सरपंच
मृतक के गांव सारण के सरपंच विरेंद्र सिंह ने बताया कि 26 वर्षीय मृतक संदीप उनके परिवार से है। वह गांव के कुछ दोस्तों के साथ सोमवार को कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। वहां से उसके दोस्त आगे निकल गए और वह वापस आ गए। उसके दोस्तों ने संदीप से बात की तो उसने बताया था कि वह यमुनानगर में है। वहां चोरी के आरोप में उसे पीट-पीट कर मार डालने की सूचना उन्हें मिली थी। वे शनिवार को शव लाने के लिए यमुनानगर जाएंगे। संदीप के पिता रामसिंह की कई साल पहले मौत हो चुकी है। वह बड़े भाई जगरूप के साथ रहता था और खेती बाड़ी का काम करता था। सरपंच ने बताया कि संदीप अच्छा लड़का था। वह गलत कार्यों में शामिल नहीं रहा। चोरी का शक होने पर आरोपितों ने उसे पीट-पीट कर मार डाला जोकि गलत है। ये था मामला :
दामला में बलवंत सैनी ने क्वार्टर बना रखे हैं। इनमें आसपास की फैक्टरियों में लेबर का कार्य करने वाले श्रमिक रहते हैं। ये क्वार्टर भी सड़क किनारे बने हुए हैं। बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे श्रमिक सुधीर के क्वार्टर में एक युवक घुस गया था। सुधीर की आंख खुल गई, तो उसने शोर मचाया। जिस पर आसपास के श्रमिक एकत्र हो गए और उसे चोरी के शक में पीटने लगे। उसके दो साथी मौके से भाग निकले। किसी तरह से आरोपित युवक भी भागने की कोशिश करने लगा, तो वह पास में ही हैंडपंप के पास फिसलकर गिर गया। श्रमिकों ने रस्सियों से बांध दिया और उसे पीटा गया। पुलिस पहुंची, तो उसे छुड़ाया और अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने दामला निवासी आवेश कुरैशी की शिकायत पर सुधीर, उमाशंकर व अन्य श्रमिकों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया श्रमिकों को :
इस मामले में पुलिस ने श्रमिकों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। श्रमिकों का कहना था कि युवक चोरी करने के लिए आया था। पहले भी उनके क्वार्टरों से मोबाइल चोरी हो चुके हैं। वह भागने की कोशिश में फिसलकर गिरा और हैंडपंप में सिर लगने से उसकी मौत हुई।