दो माह नहीं टिकी इंटरलॉकिग सड़कें
नगर निगम एरिया में धड़ाधड़ इंटरलॉकिग सड़कें बनाई जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम एरिया में धड़ाधड़ इंटरलॉकिग सड़कें बनाई जा रही हैं। एक के बाद एक सड़क का निर्माण हो रहा है। कई सड़कें दो माह भी नहीं टिक पाई। बारिश से पहले ही धंसने लगी हैं। इनकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य मार्गों के कॉलोनियों में भी नगर निगम की ओर से इंटरलॉकिग सड़कें बनाई हैं। दैनिक जागरण की टीम ने कई सड़कों का दौरा किया। कई जगह सड़क धंसी मिली। यहां सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। 11 बजे : नेहरू पार्क
वार्ड नंबर-8 के नेहरू पार्क के आसपास गत माह नगर निगम की ओर से टाइलें बिछाई गई। लेकिन ये अभी से धंसने लगी है। यहां मुख्यद्वार के सामने और दायें-बायें सड़क धंसी हैं। यह शहर का पॉश एरिया है। यहां भी गुणवत्ता पर सवाल उठना बड़ी बात है। इन गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शाम हो यहां खाद्य पदार्थों की रेहड़ियां लगती हैं। 11:15 प्यारा चौक रोड
वीआइपी रोड (प्यारा चौक से नेहरू पार्क तक) को चौड़ा किए जाने में भी खामियां सामने आ रही हैं। गत दिनों ही चौड़ाई बढ़ाए जाने का काम पूरा हुआ है, लेकिन अब यह जगह-जगह से धंसने लगी है। इस कार्य पर शुरू से ही सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि इस रोड को चौड़ा करने के लिए यूएलबी से 72 लाख रुपये की स्वीकृति हुई थी, लेकिन नगर निगम की तकनीकी शाखा ने इस ठेकेदार से मिलीभगत कर इसकी लागत डेढ़ करोड़ रुपये कर दी है। इसके अतिरिक्त निर्माण के दौरान चार इंच मैटेरियल डाला जाना चाहिए था, जबकि 12 इंच डाला गया है। 12 बजे : सचिवालय के सामने
पुराना नेशनल हाइवे की चौड़ाई बढ़ाने के लिए इंटरलॉकिग की गई। पंचायत भवन व जिला सचिवालय के सामने सड़क धंसने लगी है। हालांकि पीडब्ल्यूडी की ओर से इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाए जाने की योजना पर काम चल रहा है। बावजूद इसके गत दिनों यहां साइडों में इंटरलॉकिग की गई है। हर दिन अधिकारी यहां से गुजरते हैं। इसके अलावा बैंक कॉलोनी व आसपास की कॉलोनियों भी इंटरलॉकिग की सड़कें बनाई हैं। यहां भी ये ही हालात हैं।