विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के यमुनानगर में सरपंच बहू ने बदली गांव की तस्वीर, सुरक्षा के लिए 35 हाईटेक कैमरे और दो एकड़ में भव्य पार्क

Published: Sun, 03 May 2026 07:16 PM (IST)

सरपंच रिंपी कांबोज के प्रयासों से हरियाणा का कांजनू गांव विकास और भाईचारे का प्रतीक बन गया है, जहाँ बेटियों को विशेष सम्मान मिलता है और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। 

सरपंच रिंपी कांबोज। फाइल फोटो

सरपंच रिंपी कांबोज। फाइल फोटो 

HighLights

  1. बेटियों के जन्म पर ₹5100 का शगुन, जन्म दर में वृद्धि।

  2. गांव में 35 हाईटेक सुरक्षा कैमरे, बलिदानी ऊधम सिंह पार्क।

  3. बेटियों की हॉकी टीम ने जीता ₹70,000 का नकद पुरस्कार।

संजीव कांबोज, यमुनानगर। हरियाणा के यमुनागर में पश्चिमी यमुना नहर के किनारे बसा गांव कांजनू। कहने को तो यह गांव है, लेकिन आप यहां आएंगे तो शहर के पाश एरिया सा अनुभव करेंगे। यहां की सरपंच बहू के प्रयास ही हैं कि यहां बेटियों को पलकों पर बैठाया जाता है। जिले की 490 ग्राम पंचायतों में यह विकास, विश्वास और भाईचारे की नजीर बना है।

स्नातक सरपंच रिंपी कांबोज के प्रयासों का सुफल स्पष्ट दिखाई देता है। न केवल जन्म से पहले, बल्कि बाद में भी बेटियों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। गांव के हर घर की सुरक्षा कैमरे से हो रही है। यहां 35 हाईटेक कैमरे लगे हैं। सुबह-शाम ग्रामीणों की सैर के लिए करीब दो एकड़ में बलिदानी ऊधम सिंह पार्क बना है। आठ एकड़ में खेल का मैदान निर्माणाधीन है।

बेटियों के लिए हॉकी टीम का गठन

बेटियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए हाकी की टीम का गठन किया है। टीम में 25 लड़कियां हैं और ये खेल नर्सरी में नियमित अभ्यास करती हैं। इनके लिए एक महिला कोच है।

पिछले महीने सांसद नवीन जिंदल की ओर से जेएमआइटी में आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता था। इतना ही नहीं, युवाओं को नशे से दूर रखने व खेलों से जोड़ने के लिए पंचायती भूमि करीब आठ एकड़ में पार्क बनाया जा रहा है।

ynr 2

सुरक्षा के लिए गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे

बेटियों के जन्म पर 5100 का शगुन 

बेटियों के प्रति सरपंच बहू का समर्पण धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखता है। लड़कियों की जन्म दर लड़कों से अधिक है। यह दर 1000 लड़कों पर 1400 लड़कियों की है। विशेष बात यह भी है कि सरपंच प्रत्येक बेटी के जन्म पर 5100 रुपये का शगुन देती हैं।

सरकार की ओर से उनको मिलने वाला मानदेय बेटियों के नाम रहता है। लड़कियों को पढ़ाई के लिए लोगों को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने नवंबर 2022 में पदभार संभालते ही इसकी शुरुआत कर दी थी। उनका कहना है कि यह आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटियों को सम्मान है। सरपंच की इस पहल को प्रशासनिक स्तर पर सराहा जा चुका है। बीते वर्ष डीसी पार्थ गुप्ता ने उनको सम्मानित किया था।

ynr3

गांव में ग्रामीणों के भ्रमण के लिए बना ऊधम सिंह पार्क।  

सेक्टर जैसी सुविधाएं

गांव की आबादी करीब 2000 है। सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। लगभग प्रत्येक गली की नालियां स्लैब से कवर हैं। गांव की फिरनी पर सीवरेज लाइन दबी है। गांव की सफाई के लिए दो कर्मचारी नियुक्त हैं। ग्रामीणों की सुविधा व सामूहिक आयोजनों के लिए गांव में सात चौपालें हैं।

सरपंच रिंपी कांबोज कहती हैं कि उनका लक्ष्य गांव का चौतरफा विकास कराना है। सुरक्षा के लिहाज से न केवल गांव के प्रवेश द्वार, बल्कि अंदर भी सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। उनका प्रयास है कि गांव को अलग श्रेणी में खड़ा किया जाए। इसके लिए ग्रामीणों का सहयोग भी खूब मिल रहा है।

गांव में ही निपटाए जाते झगड़े

सरपंच रिंपी कंबोज ने बताया कि गांव में कई धर्म जाति के लोग रहते हैं। यदि कभी कोई मनमुटाव या झगड़ा हो भी जाता है तो मिल बैठकर निपटा लिया जाता है। उनका प्रयास रहता है कि गांव का झगड़ा थाने तक न जाए। गांव में ही आपसी सहमति से निपटा लिया जाए।

गांव में कोई भी विकास कार्य करवाने से पहले प्रबुद्धजन से विचार-विमर्श भी किया जाता है। सभी के साथ राय मश्विरा के बाद ही परियोजना पर निर्णय लिया जाता है। उन्होंने बताया कि गांव में राजकीय माध्यमिक विद्यालय है और साक्षरता दर करीब 92% है।

ynr 1 (1)

ग्रामीणों की जुबां पर विकास की सराहना

गांव के नंबरदार जय प्रकाश, रजनीश कुमार, अखिल कुमार व अशोक कुमार ने बताया कि गांव में खूब विकास कार्य हो रहे हैं। हर तरह की सुविधा गांव में उपलब्ध है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष स्तर पर प्रयास किया जा रहे हैं। करीब आठ एकड़ में खेल स्टेडियम बनने के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। गांव में भाई-चारा और विश्वास भी प्रगति का प्रमुख कारण है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।