यमुनानगर में स्कूटी में पेट्रोल की जगह डाला डीजल, विवाद में डीजल डाल युवक ने लगाई आग; PGI में मौत
यमुनानगर में पेट्रोल पंप पर स्कूटी में डीजल डालने और सीसीटीवी फुटेज दिखाने से मना करने पर हुए विवाद के ...और पढ़ें
-1794588436179_m.webp)
यमुनानगर में स्कूटी में पेट्रोल की जगह डाला डीजल। फाइल फोटो
HighLights
स्कूटी में पेट्रोल की जगह डीजल डालने पर विवाद हुआ।
सीसीटीवी फुटेज दिखाने से मना करने पर युवक ने आग लगाई।
गंभीर रूप से झुलसे रवि चौहान की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत।
संवाद सहयोगी, रादौर (यमुनानगर)। स्कूटी में पेट्रोल की जगह डीजल डालने और इसकी सीसीटीवी फुटेज दिखाने से मना करने पर हुए विवाद के बाद गांव नागल निवासी 32 वर्षीय रवि चौहान ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे रवि की पीजीआइ चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना 26 अक्टूबर को टोडरपुर के पास स्थित केशव शक्ति फिलिंग स्टेशन पर हुई थी, तभी से वह दाखिल था। रवि ने मरने से पहले मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए बयान में पेट्रोल पंप के सेल्समैन अश्वनी पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने इन बयानों के आधार पर सेल्समैन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है।
मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए बयान में रवि ने बताया था कि 25 अक्टूबर को वह स्कूटी में पेट्रोल डलवाने के लिए केशव शक्ति फिलिंग स्टेशन पर गया था। वहां सेल्समैन ने उसकी स्कूटी में पेट्रोल की जगह डीजल डाल दिया। अगले दिन सुबह वह पेट्रोल पंप पर पहुंचा और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने को कहा।
रवि के अनुसार सेल्समैन ने फुटेज दिखाने से मना कर दिया। उसने यह भी कहा कि वह कैमरे नहीं दिखाएगा, उसे जो करना है कर ले। इस जवाब से रवि परेशान हो गया और उसने पेट्रोल पंप पर ही अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी आनंद प्रकाश ने बताया कि रवि ने मरने से पहले मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दिए थे। इन्हीं के आधार पर सेल्समैन अश्वनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।