अवैध खनन पर लगाम जरूरी, नहीं तो खत्म हो जाएगा हथनीकुंड बैराज : कटारिया
अवैध खनन पर लगाम लगाना जरूरी है। चाहे अवैध खनन कोई भी कर रहा हो। यदि इस पर अंकुश नहीं लगा तो खिजराबाद में हथनीकुंड बैराज का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : अवैध खनन पर लगाम लगाना जरूरी है। चाहे अवैध खनन कोई भी कर रहा हो। यदि इस पर अंकुश नहीं लगा तो खिजराबाद में हथनीकुंड बैराज का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। बैराज पांच राज्यों के लिए बहुत महत्व रखता है। यही से देश की राजधानी दिल्ली को पीने के लिए पानी मिलता है। यह बात अंबाला सांसद रत्न लाल कटारिया ने सोमवार को पंचायत भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। वे यहां भाजपा की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे।
रत्न लाल कटारिया ने कहा कि ओवरलोड का दर्द मैंने खुद सहन किया है। पिछले दिनों में यमुनानगर में पूर्व मंत्री कमला वर्मा की पोती की शादी में दिल्ली से आ रहा था तो करनाल तक मैं आसानी से पहुंच गया। लेकिन करनाल से यमुनानगर पहुंचने में मेरी दुर्गति हो गई। सड़क पर ट्रकों की इतनी लंबी लाइन थी कि मुझे यहां पहुंचने में ही इतना टाइम लग गया। मैं स्वीकार करता हूं की ओवरलोड वाहन चल रहे हैं। आज जब मैं यमुनानगर आ रहा था तो कैल के पास ट्रकों की लंबी लाइन देखने को मिली। इतना समय मुझे अंबाला से यमुनानगर तक आने में नहीं लगा जितना कैल से पंचायत भवन पहुंचने में लग गया। सड़क भी इतनी टूटी है कि बड़ी मुश्किल से हिचकोले खाते हुए यहां तक पहुंचा हूं। इसलिए मैं मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मांग करता हूं कि खनन माफिया को कुचल देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा पेट्रोल, डीजल व शराब को जीएसटी के अंतर्गत लाना चाहती है। क्योंकि राज्यों की इनकम का ये बड़ा साधन है इसलिए मुख्यमंत्रियों ने मांग की है कि अभी चार-पांच साल तक पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी के दायरे में न लाया जाए। सरकार पेट्रोल, डीजल कीमतों में कमी लाने का प्रयास कर रही है। लोगों के बैंक खातों में 15-15 लाख लाने पर सांसद ने कहा कि ये राशि चेक के रूप में नहीं आती। लोगों पर विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से ये खर्च की जाती है।
कटारिया ने कहा कि भाजपा नगर निगम चुनाव के पक्ष में है। आज सभी विधायकों व अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने चुनाव को लेकर चर्चा की है। कुछ लोग कह रहे हैं कि भाजपा नगर निगम चुनावों को टालना चाहती है लेकिन ये गलत है। इसके बाद लोकसभा चुनाव होंगे। भाजपा 2019 में किस मुद्दे को लेकर लोगों के बीच में जाएगी इस पर कटारिया ने कहा कि अंबाला लोकसभा के लोगों के 37 हजार करोड़ रुपये बैंकों में जमा है। जबकि 32 हजार करोड़ रुपये नाबार्ड समेत अन्य बैंकों व अन्य योजनाओं के माध्यम से लोगों का जीवनस्तर सुधारने पर खर्च किया जा चुका है। उन्होंने राफेल डील पर उठ रहे सवालों पर कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। राहुल गांधी लोगों को गुमराह करने के लिए राफेल डील में घोटाले की बात कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में मुख्यमंत्री द्वारा कराए जा रहे कार्यों पर खुशी जताई।
एसडीएम भी जता चुके हैं अवैध खनन से खतरा
तत्कालीन एसडीएम पूजा चांवरिया अवैध खनन से बैराज को खतरे के बारे में पत्र लिखा था। उसके बाद भी अवैध खनन पर नकेल नहीं कसी गई। पुलिस व खनन विभाग के अधिकारी ये कहकर पल्ला झाड़ देते हैं कि यूपी के लोग अवैध खनन कर रहे हैं। नियम अनुसार अप और डाउन के दो किलोमीटर एरिया में खोदाई नहीं हो सकती। जबकि हालात ऐसे हैं बैराज के पास दिनरात अवैध खनन हो रहा है। अवैध खनन के कारण ताजेवाला बैराज बह चुका है।