हर माह छह मरीजों का सीटी स्कैन होगा मुफ्त
हेल्थ मैप के सहयोग से सिविल अस्पताल में मरीजों को मिल रही सीटी स्कैन सुविधा के तहत अब हेल्पिंग हैंड ग्रुप हर माह छह मरीजों की निश्शुल्क जांच कराएगा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
हेल्थ मैप के सहयोग से सिविल अस्पताल में मरीजों को मिल रही सीटी स्कैन सुविधा के तहत अब हेल्पिंग हैंड ग्रुप हर माह छह मरीजों की निश्शुल्क जांच कराएगा। ऐसे मरीजों का चयन किया जाएगा। जो निश्शुल्क उपचार की पात्रता श्रेणी में नहीं आते और आर्थिक रूप से इलाज कराने में असमर्थ हैं। चिकित्साधीक्षक डॉ. विजय दहिया ने भी संस्था के इस कदम की सराहना की है। संस्था ने इस संबंध में पत्र भी उनको दिया है।
डॉ. विजय दहिया ने बताया कि 24 फरवरी 2017 को सिविल अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा शुरू की गई थी। इसमें बीपीएल श्रेणी के लोगों, सरकारी कर्मियों और दुर्घटनाग्रस्त अज्ञात मरीजों को निश्शुल्क इलाज की सुविधा दी जाती है। अन्य मरीजों के लिए निजी अस्पतालों से आधा चार्ज किया जाता है। इनमें भी कुछ मरीज ऐसे भी आते हैं, जो निश्शुल्क पात्रता की श्रेणी में नहीं आते और आर्थिक रूप से भी समर्थ नहीं होते। ऐसे पात्रों की जांच और सिफारिश के लिए तीन सदस्यीय कमेटी है। अब तक यहां पर 17 हजार सीटी स्कैन हो चुके हैं। इनमें से 6800 सीटी स्कैन निश्शुल्क किए गए।