शहरी क्षेत्र में फैल रहा डेंगू, स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता को लगाई टीमें
इस समय लोगों में डेंगू को लेकर भय बना हुआ है। डेंगू से बचाव की जानकारी देने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। इसके तहत 82 बहुउद्देशीय कर्मियों की ड्यूटी शहरी क्षेत्र में लगाई गई है। सबसे अधिक केस भी यहीं पर मिल रहे हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : इस समय लोगों में डेंगू को लेकर भय बना हुआ है। डेंगू से बचाव की जानकारी देने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। इसके तहत 82 बहुउद्देशीय कर्मियों की ड्यूटी शहरी क्षेत्र में लगाई गई है। सबसे अधिक केस भी यहीं पर मिल रहे हैं। इसके साथ-साथ आशा वर्कर भी वॉलंटियरों के साथ मिलकर अभियान में लगी है। बुधवार को सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप व जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. वागीश गुटैन ने डेंगू बचाव की जानकारी देने के लिए चल रहे कार्य का निरीक्षण भी किया। अब तक 24 केस डेंगू के कंफर्म हो चुके हैं। करीब 218 संदिग्ध केस जांच के लिए भेजे गए हैं। यहां पर मिले डेंगू के केस :
शांति कॉलोनी, आदर्श नगर कैंप, मॉडल कॉलोनी, छोटा मॉडल टाउन, गांधीधाम, मॉडल कॉलोनी, रामनगर, संजय विहार कॉलोनी, अराइयावाला, शादीपुर, तेजली, खानपुर, ईस्ट भाटिया नगर, शास्त्री कॉलोनी, न्यू हमीदा कॉलोनी, विशाल नगर, हरनौल, जगाधरी, रेलवे बाजार, मुंडा माजरा व न्यू करतारपुरा में डेंगू के केस मिले हैं। इन जगहों पर टीमों ने विशेष अभियान चलाया। यहां पर 145 घरों में लारवा का मिलने पर नोटिस भी दिए गए हैं। साफ पानी में पनपता है डेंगू :
सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप ने बताया कि टीम के कार्यों की लगातार रिपोर्ट ली जा रही है। लोगों को जागरूक करने के लिए पंपलेट भी बांटे जा रहे हैं। साथ ही ब्रीडिग चेकर लगाए गए हैं, जो कही पर जमा पानी में टेमीफोस व काले तेल का छिड़काव कर रहे हैं। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। यह साफ पानी या घर में अंधेरी जगह में पाया जाता है। इस मच्छर का वायरस तेजी से फैलता है। इस समय सभी को पूरी बाजू के कपड़े पहनने चाहिए। 2014 में मिले थे सबसे कम केस :
वर्ष - डेंगू मरीज
2012- 18
2013- 56
2014- 2
2015- 122
2016- 65
2017- 70
2018- 42
2019- 24