त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किलें, दो दिनों तक हरियाणा रोडवेज बसों की रहेगी हड़ताल; आधे से ज्यादा रूट प्रभावित
हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की 5 और 6 नवंबर को प्रस्तावित हड़ताल से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
-1793785035432_m.webp)
दो दिनों तक हरियाणा रोडवेज बसों की रहेगी हड़ताल (जागरण फोटो)
HighLights
5-6 नवंबर को हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल
यमुनानगर से अंबाला रैली को 70 बसें लगाई गईं
त्योहारों में 50% रूट प्रभावित होने की आशंका
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। फेस्टिवल सीजन के बीच हरियाणा रोडवेज की प्रस्तावित हड़ताल यात्रियों की परेशानी बढ़ा सकती है। पांच व छह नवंबर को कर्मचारियों ने हड़ताल का एलान किया है।
इसके साथ ही पांच नवंबर को अंबाला में होने वाली रैली में रोडवेज की बसें लगाई गई हैं। 50 प्रतिशत रूट प्रभावित रहने की आशंका है। ऐसे में त्योहार के दौरान अपने घरों और दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बसों के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
यमुनानगर रोडवेज के बेड़े में 140 बसें आन रूट हैं। रैली के लिए 70 बसें लगाई गई हैं। अन्य बसों से बाकी रूटों को कवर किया जाएगा लेकिन यह तय है कि बसों की कमी से यात्रियों की दिक्कत बढ़ेगी।
विशेषकर देहात के रूटों पर समस्या आएगी। यहां पहले से ही बसों की कमी है। कुछ बसें तकनीकी खराबी या स्पेयर पार्ट्स की कमी के कारण पहले से ही सड़कों पर नहीं उतर पातीं। अब हड़ताल के कारण बसों का संचालन प्रभावित हुआ तो यात्रियों के सामने सार्वजनिक परिवहन की समस्या और बढ़ेगी।
यह यूनियनें हड़ताल में शामिल
हड़ताल में रोडवेज कर्मचारी यूनियन संबंधित महासंघ, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित इंटक, आल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन रजिस्टर्ड नंबर 1947 और क्लर्क यूनियन भाग ले रही हैं।
वहीं हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ, भारतीय मजदूर संघ और हरियाणा रोडवेज स्वतंत्र कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है।
त्योहारों में बढ़ जाती यात्रियों की संख्या
फेस्टिवल सीजन में बसों में सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में हड़ताल से दिक्कत बढ़ सकती है।
यदि आधे रूट प्रभावित रहते हैं तो यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे निजी बसों और अन्य वाहनों में भी भीड़ बढ़ने की संभावना है। खासकर दूसरे जिलों और लंबे रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को यात्रा पर निकलने से पहले बसों के संचालन की स्थिति की जानकारी लेने की जरूरत होगी।
हड़ताल को लेकर यूनियन नेताओं की वार्ता चल रही है। रैली के लिए यहां से 70 बसें लगाई गई हैं। बाकी 70 बसें हमारे पास रहेगी। हमारा प्रयास रहेगा कि इन बसों से ही व्यवस्था बनाई जाए। रूटों पर निर्धारित समय पर बसों की व्यवस्था की जाएगी। जिससे कोई परेशानी न आए।-- संजय रावल, जीएम रोडवेज।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।